गूगल के AI स्टूडियो से पहले सप्ताह में बनाई 2.5 लाख से अधिक एंड्रॉयड ऐप
क्या है खबर?
गूगल की ओर से हाल ही में पेश किए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टूडियो में मौजूद फ्री टूल का उपयोग करके 2.5 लाख से अधिक एंड्रॉयड ऐप बनाए जा चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि इनमें से अधिकांश लोगों ने इससे पहले कभी कोई ऐप नहीं बनाया था। यह घोषणा गूगल में जेमिनी पर काम कर रहे तकनीकी स्टाफ के सदस्य लोगन किलपैट्रिक ने एक एक्स पोस्ट के माध्यम से की है।
फायदा
कोडिंग को बना दिया आसान
किलपैट्रिक ने अपनी पोस्ट में लिखा, "संभवतः इनमें से 99 फीसदी से अधिक लोगों ने पहले कभी एंड्रॉयड ऐप नहीं बनाया होगा, लेकिन अब हर कोई बना सकता है, कोडिंग की कोई आवश्यकता नहीं है।" यह टूल सॉफ्टवेयर विकास की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक कोडिंग ज्ञान को सरल बनाता प्रतीत होता है। जटिल कोड की पंक्तियों को मैनुअल लिखने के बजाय यूजर जेमिनी द्वारा संचालित संकेतों और AI असिस्टेंट से काम करने वाले एंड्रॉयड ऐप बना सकते हैं।
यूजर
बड़े यूजर बेस को होगा सुविधा से फायदा
किलपैट्रिक ने एंड्रॉयड इकोसिस्टम के विशाल आकार के बारे में भी बात की और यूजर्स को इस फीचर को आजमाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, "एंड्रॉयड के 3 अरब से अधिक एक्टिव यूजर्स हैं और अब कोई भी अपने लिए या इन 3 अरब यूजर्स के लिए ऐप बना सकता है।" गूगल ने इस सुविधा को छात्रों, क्रिएटर्स, छोटे व्यवसाय मालिकों, शौकिया डेवलपर्स सहित एक व्यापक यूजर वर्ग के लिए डिजाइन किया हे।