एंथ्रोपिक के डाटा सेंटर के लिए वित्तीय समझौते के करीब गूगल
क्या है खबर?
गूगल टेक्सास में एंथ्रोपिक को लीज पर दिए गए डाटा सेंटर को बिजली मुहैया कराने के लिए अरबों डॉलर के सौदे को अंतिम रूप देने के करीब है। रिपोर्ट के अनुसार, दिग्गज टेक कंपनी आने वाले सप्ताहों में इस परियोजना के लिए अपना समर्थन पक्का कर सकती है, जिसमें साइट के संचालक नेक्सस डाटा सेंटर्स को निर्माण लोन उपलब्ध कराना भी शामिल हो सकता है। 2,800 एकड़ में फैला यह डाटा सेंटर गूगल और एंथ्रोपिक की साझेदारी का हिस्सा है।
फाइनेंस
कितना फाइनेंस जुटाने का है लक्ष्य?
फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बैंकों का एक समूह इस साल के मध्य तक परियोजना के प्रारंभिक चरण के लिए फाइनेंस उपलब्ध कराने की होड़ में लगा हुआ है। यह 5 अरब डॉलर (करीब 460 अरब रुपये) से अधिक हो सकता है। गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट के समर्थन से तकनीकी दिग्गज की मजबूत क्रेडिट रेटिंग के कारण परियोजना को कम लागत पर फाइनेंस प्राप्त करने में मदद मिल सकती है।
क्षमता
कितनी है इस प्रोजेक्ट की क्षमता?
इस परियोजना के लिए पट्टा इसी महीने के प्रारंभ में हस्ताक्षरित किया गया था और टेक्सास स्थित साइट पर निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है, जिसके लिए एसेट मैनेजर ईगल पॉइंट से प्रारंभिक चरण का लोन प्राप्त हुआ है। बताया जा रहा है कि यह परियोजना लगभग 500 मेगावाट क्षमता प्रदान करेगी। भविष्य की योजनाओं में इसकी क्षमता को बढ़ाकर लगभग 7.7 गीगावाट तक करने की बात भी शामिल है।