एलन मस्क के आखिरी सह-संस्थापक ने भी xAI छोड़ी: रिपोर्ट
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप xAI के बाकी बचे 2 सह-संस्थापकों ने भी कंपनी छोड़ दी है। इस महीने की शुरुआत में 11 सह-संस्थापकों में से 2 को छोड़कर बाकी सभी ने कंपनी छोड़ दी है। अब पता चला है कि सह-संस्थापक मैनुअल क्रॉइस के बाद रॉस नॉर्डीन ने भी इस्तीफा दे दिया है। प्रीट्रेनिंग टीम का नेतृत्व करने वाले क्रोइस ने इस महीने बताया कि वे कंपनी छोड़ रहे हैं।
भूमिका
किस भूमिका में थे रॉस नॉर्डीन?
बिजनेस इनसाइडर के अनुसार, कंपनी छोड़ने वाले अंतिम सह-संस्थापक रॉस नॉर्डीन को मस्क का दाहिना हाथ बताया जाता था। नोर्डीन टेस्ला से xAI में आए थे और 2022 में मस्क की ओर से ट्विटर के अधिग्रहण के बाद वहां बड़े पैमाने पर छंटनी की योजना बनाने में शामिल थे। इन कर्मचारियों का जाना किसी आम स्टार्टअप में होने वाली छंटनी नहीं है। 2023 में मस्क द्वारा गठित शोधकर्ताओं की टीम AI के क्षेत्र में सबसे निपुण लोगों में से थी।
पुनर्गठन
मस्क कर रहे xAI का पुनर्गठन
एलन मस्क ने हाल ही में दावा किया कि xAI को शुरू में ठीक से नहीं बनाया गया था, इसलिए अब इसे शुरू से फिर से बनाया जा रहा है। इसको हाल ही में उनकी रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्पेस-X ने अधिग्रहित कर लिया था, जिससे स्पेस-X, xAI और एक्स एक ही कॉर्पोरेट छत के नीचे आ गए हैं। बता दें कि एयरोस्पेस कंपनी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की योजना बना रही है।