चिकित्सा विज्ञान में मददगार साबित होगा AI, डारियो अमोदेई का चौंकाने वाला खुलासा
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई का मानना है कि अगले 10 सालों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ज्यादातर बीमारियों को ठीक करने में मदद कर सकता है।
उनका कहना है कि AI की मदद से चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी खोजें बहुत तेजी से हो सकती हैं, जिस काम में आम तौर पर 50 से 100 साल लगते हैं, AI उन्हें केवल 5-10 साल में निपटा सकता है।
अमोदेई मानते हैं कि AI का काम केवल डाटा का विश्लेषण करना नहीं है, बल्कि ये जीव विज्ञान के शोध के लगभग हर पहलू को बदल देगा।
इस घटना ने दिया संतुलित नजरिया
अमोदेई का यह जुनून उनकी निजी जिंदगी से आया है। उनके पिता हेपेटाइटिस C के कारण चल बसे थे। उनके निधन के कुछ ही सालों बाद इस बीमारी की नई और कारगर दवाएं आ गई थीं।
इस दुख ने उन्हें यह उम्मीद दी है कि AI दूसरों के लिए जीवन रक्षक खोजों को तेजी से अंजाम दे सकता है। हालांकि, वे अक्सर एडवांस्ड AI से जुड़े खतरों के बारे में बात करते हैं, लेकिन उनका कहना है कि वे हमेशा संतुलन चाहते थे।
अपने निबंध 'मशींस ऑफ लविंग ग्रेस' में उन्होंने लिखा है कि हमें इस बात को कम नहीं आंकना चाहिए कि AI स्वास्थ्य और विज्ञान के लिए कितना बेहतरीन काम कर सकता है।