LOADING...
चीन ने जीता दुनिया के सबसे तेज सुपरकंप्यूटर का ताज, अमेरिका को छोड़ा पीछे
चीन ने बनाया दुनिया का सबसे तेज सुपरकंप्यूटर

चीन ने जीता दुनिया के सबसे तेज सुपरकंप्यूटर का ताज, अमेरिका को छोड़ा पीछे

Jun 24, 2026
08:43 am

क्या है खबर?

चीन ने वर्ष 2017 के बाद पहली बार दुनिया के सबसे तेज सुपरकंप्यूटर का खिताब अपने नाम कर लिया है। चीन के राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटर केंद्र की नई मशीन लाइनशाइन ने 2.198 एक्साफ्लॉप्स का प्रदर्शन किया है। इसने अमेरिका की लॉरेंस लिवरमोर नेशनल लेबोरेटरी के एल कैपिटन सुपरकंप्यूटर को पीछे छोड़ दिया, जिसकी क्षमता 1.809 एक्साफ्लॉप्स है। टॉप500 के अनुसार, लाइनशाइन दो एक्साफ्लॉप्स से अधिक लगातार प्रदर्शन करने वाला दुनिया का पहला केवल CPU आधारित सुपरकंप्यूटर बन गया है।

उपलब्धि

बिना GPU के हासिल की बड़ी उपलब्धि

लाइनशाइन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दूसरे बड़े सुपरकंप्यूटरों की तरह GPU पर निर्भर नहीं है। इसे एक कस्टम 304-कोर प्रोसेसर के आधार पर तैयार किया गया है। यह मशीन करीब 42.2 मेगावाट बिजली का उपयोग करती है और इसकी ऊर्जा दक्षता 52.07 गीगाफ्लॉप प्रति वाट बताई गई है। टॉप500 के आयोजक डॉ. जैक डोंगरा ने इसे एक शानदार प्रणाली बताते हुए कहा कि चीन ने अलग तकनीकी रास्ता अपनाकर अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है।

एक्सास्केल क्लब

एक्सास्केल क्लब में अब पांच सुपरकंप्यूटर

नई रैंकिंग के बाद अब दुनिया में कुल पांच सुपरकंप्यूटर ऐसे हैं, जिन्होंने एक्सास्केल की सीमा पार कर ली है। इनमें एक चीन, तीन अमेरिका और एक जर्मनी में स्थित है। अमेरिका का फ्रंटियर सुपरकंप्यूटर 1.353 एक्साफ्लॉप्स के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि ऑरोरा 1.012 एक्साफ्लॉप्स के साथ चौथे नंबर पर पहुंच गया है। जर्मनी का जुपिटर बूस्टर एक एक्साफ्लॉप्स की क्षमता के साथ पांचवें स्थान पर शामिल है।

Advertisement

इस्तेमाल

कई तरह की तकनीकों का हो रहा इस्तेमाल

नई सूची से यह भी पता चलता है कि सुपरकंप्यूटर बनाने में अब कई तरह की तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इंटेल, AMD और एनवीडिया समेत अलग-अलग कंपनियों के प्रोसेसर और एक्सेलरेटर इस्तेमाल किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, लाइनशाइन को बिना सरकारी फंडिंग के तैयार किया गया है। हालांकि, इसके डिजाइनरों ने अभी यह नहीं बताया है कि इसके प्रोसेसर किस कंपनी ने बनाए और इसमें किस प्रकार की चिप तकनीक का उपयोग किया गया है।

Advertisement