एलन मस्क की xAI के खिलाफ चाइल्ड पोर्नोग्राफी का मुकदमा दायर, जानिए क्या लगा आरोप
क्या है खबर?
एलन मस्क की कंपनी xAI अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल को लेकर फिर विवादों में घिर गई। 3 गुमनाम वादियों ने कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में इसके खिलाफ एक मुकदमा दायर किया है। इसमें तर्क दिया कि xAI को अपने AI मॉडल को नाबालिगों की आपत्तिजनक यौन तस्वीरें बनाने की अनुमति देने के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। इस मुकदमे में वे सभी लोग शामिल हैं, जिनकी नाबालिग अवस्था की तस्वीरों को ग्रोक द्वारा अश्लील कंटेंट में बदला गया था।
अनदेखी
सुरक्षा उपायों की अनदेखी का लगाया आरोप
मुकदमे में आरोप लगाया है कि xAI ने अन्य अग्रणी लैब्स द्वारा अपनाई जाने वाली बुनियादी सावधानियों का पालन नहीं किया, ताकि उनके इमेज मॉडल वास्तविक लोगों और नाबालिगों को दर्शाने वाली अश्लील सामग्री न बना सकें। वादियों का तर्क है कि अन्य डीप-लर्निंग इमेज जनरेटर सामान्य तस्वीरों से चाइल्ड पोर्नोग्राफी के निर्माण को रोकने के लिए विभिन्न तकनीकों का उपयोग करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया गया है कि xAI ने इन मानकों को नहीं अपनाया है।
उजागर
ऐसे सामने आए थे मामले
एक वादी की हाई स्कूल होमकमिंग और ईयरबुक की तस्वीरों को ग्रोक ने इस तरह से एडिट किया वह बिना कपड़ों के दिखाई दे रही थी। उसे एक गुमनाम मुखबिर ने इंस्टाग्राम पर उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल होने के बारे में बताया। दूसरी वादी को जांचकर्ताओं ने ग्रोक पर आधारित एक थर्ड-पार्टी मोबाइल ऐप द्वारा बनाई तस्वीरों के बारे में बताया, जबकि तीसरे वादी के मामले में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के फोन से उसकी अश्लील तस्वीरें बरामद हुई।