ब्लूस्काई ने एटी नाम का AI असिस्टेंट किया पेश, जानिए इसकी खासियत
क्या है खबर?
एक्स की प्रतिद्वंद्वी सोशल मीडिया कंपनी ब्लूस्काई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अपना काम तेजी से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। कंपनी ने एटी नाम का नया AI असिस्टेंट पेश किया है, जिसे यूजर्स के लिए खास तौर पर डिजाइन किया गया है। यह टूल सोशल मीडिया इस्तेमाल को आसान बनाने का प्रयास करता है। यह कदम प्लेटफॉर्म को और स्मार्ट और उपयोगी बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
खासियत
बनेगी आसान तरीके से कस्टम फीड
एटी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यूजर्स बिना कोडिंग जाने अपनी पसंद की फीड बना सकते हैं। इसके लिए उन्हें सिर्फ सामान्य भाषा में लिखना होता है कि वे क्या देखना चाहते हैं। इसके बाद AI खुद ही उसी हिसाब से फीड तैयार कर देता है। उदाहरण के तौर पर, यूजर संगीत या किसी खास विषय से जुड़े पोस्ट देखने के लिए सीधे निर्देश दे सकता है, जिससे अनुभव सरल और तेज बनता है।
अन्य खासियत
मिलेगा बातचीत जैसा अनुभव
ब्लूस्काई के अधिकारी जे ग्रेबर ने बताया कि एटी का इस्तेमाल करना किसी सॉफ्टवेयर को सेट करने जैसा नहीं, बल्कि बातचीत करने जैसा ही बिलकुल आसान है। यूजर अपनी पसंद बताता है और AI उसी आधार पर फीड तैयार करता है। यह सिस्टम ओपन-सोर्स फ्रेमवर्क एटी प्रोटोकॉल पर आधारित है। इससे यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल मिलता है और वे अपनी जरूरत के हिसाब से कंटेंट आसानी से देख सकते हैं।
उपलब्धता
अभी सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध
कंपनी ने साफ किया है कि एटी ब्लूस्काई से अलग एक ऐप है और इसका इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है। यह नया टूल फिलहाल केवल इनवाइट के जरिए सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध है। जो लोग इसमें रुचि रखते हैं, वे वेबसाइट पर जाकर वेटलिस्ट में नाम दर्ज करा सकते हैं। भविष्य में इसके और फीचर्स जोड़े जा सकते हैं, जिससे यूजर्स को और बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।