GTA VI के फर्जी बीटा ऑफर से रहें सतर्क, एक क्लिक से हो सकता है नुकसान
क्या है खबर?
ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI (GTA VI) का इंतजार दुनियाभर के गेमर्स कर रहे हैं। इसी उत्साह का फायदा उठाकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि नकली ईमेल, मैसेज और वेबसाइट के जरिए लोगों को GTA VI का बीटा एक्सेस देने का झांसा दिया जा रहा है। इन फर्जी ऑफर के जरिए ठग लोगों की निजी जानकारी, गेमिंग अकाउंट और बैंकिंग डिटेल्स चुराने की कोशिश कर रहे हैं।
ठगी
ऐसे काम कर रही है ठगी की नई चाल
ठग ऐसे ईमेल भेज रहे हैं जो देखने में बिल्कुल रॉकस्टार गेम्स की तरफ से आए लगते हैं। इनमें दावा किया जाता है कि यूजर को GTA VI का शुरुआती बीटा वर्जन टेस्ट करने के लिए चुना गया है। इसके बाद लोगों को एक वेबसाइट पर भेजा जाता है, जहां नाम, पता, जन्मतिथि, गेमिंग अकाउंट और कई बार बैंकिंग जानकारी तक मांगी जाती है। जानकारी देने के बाद उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
पहचान
इन संकेतों से पहचानें फर्जी GTA VI ऑफर
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर कोई ईमेल या वेबसाइट GTA VI का पक्का बीटा एक्सेस, सीमित समय की बीटा की या शुरुआती गेमप्ले देने का दावा करे, तो सावधान हो जाएं। खराब भाषा में लिखे ईमेल, संदिग्ध वेबसाइट लिंक, जल्दी फैसला लेने का दबाव और निजी या वित्तीय जानकारी मांगना भी खतरे के बड़े संकेत हैं। कुछ वेबसाइट नकली बीटा सॉफ्टवेयर के नाम पर मालवेयर डाउनलोड भी करवाती हैं।
सुरक्षा
इस तरह खुद को ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखें
रॉकस्टार गेम्स ने अभी तक किसी सार्वजनिक GTA VI बीटा प्रोग्राम की घोषणा नहीं की है। इसलिए ऐसे किसी भी दावे पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। हमेशा रॉकस्टार गेम्स, प्लेस्टेशन स्टोर और एक्सबॉक्स मार्केटप्लेस जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही जानकारी की पुष्टि करें। अगर आपने किसी संदिग्ध वेबसाइट पर पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी साझा कर दी है, तो बिना देरी किए पासवर्ड बदलें और अपने बैंक को इसकी जानकारी दें।