बेंगलुरु के इंजीनियर ने सड़क पर गड्ढों का पता लगाने के लिए बनाया AI ऐप
बेंगलुरु के इंजीनियर गौरव सेन ने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ऐप बनाया है, जो गाड़ी चलाते समय सड़क के गड्ढों का पता लगाता है।
यह ऐप डैशकैम फुटेज, ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) और एक्सीलेरोमीटर (गाड़ी में लगा एक खास सेंसर) का इस्तेमाल करता है।
सबसे खास बात है कि यह AI गड्ढों और स्पीड ब्रेकर के बीच का अंतर भी पहचान लेता है। फिर यह ऐप सड़क पर उस गड्ढे की सटीक जगह को चिह्नित कर देता है।
ऐप ऐसे करता है काम
यह ऐप हर गड्ढे को उस सड़क से जुड़े सरकारी अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) से मिलाता है। इसके लिए ऐप ने 2,900 सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स का विश्लेषण किया है, ताकि यह पता चल सके कि सड़क बनाने की जिम्मेदारी किस ठेकेदार की थी। केवल 4 सेकेंड में यह ऐप एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर देता है। इस रिपोर्ट में गड्ढे की जगह, उसकी फोटो और उसे ठीक करने के लिए जिम्मेदार अधिकारी का नाम होता है, जिससे शिकायत करना बेहद आसान हो जाता है।
सोशल मीडिया पर लोग इस ऐप की खूब तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा है कि यह एक शानदार कॉन्सेप्ट है और इस इंजीनियर को प्रधानमंत्री से नवाचार पुरस्कार मिलना चाहिए।