ऐपल सिरी में मिल सकती है चैट ऑटो-डिलीट की सुविधा, मिलेंगे और भी कई अपडेट
क्या है खबर?
ऐपल जून में होने वाले वर्ल्डवाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस में ऐपल सिरी का नया वर्जन लॉन्च कर सकती है। इसमें गोपनीयता पर खास तौर पर ध्यान दिया जाएगा। नए वर्जन को लेकर कंपनी ने गूगल के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत सिरी को पावर देने के लिए जेमिनी AI मॉडल का इस्तेमाल किया जाएगा। गोपनीयता के लिए इसमें ऑटो-डिलीट फीचर दिया जाएगा, जिससे आईफोन निर्माता ChatGPT जैसे AI चैटबॉट के साथ सीधी प्रतिस्पर्धा में उतरेगा।
ऑटो-डिलीट
ऑटो-डिलीट कैसे करेगा काम?
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, नए सिरे से तैयार किए गए सिरी में चैट हिस्ट्री को ऑटो-डिलीट करने का विकल्प शामिल हो सकता है। आप सिरी की चैट को 30 दिन, एक साल या हमेशा के लिए रख सकेंगे। यह मैसेज ऐप में दिए गए विकल्पों के समान है। ऑटो-डिलीट विकल्प संभवतः नए सिरी ऐप का हिस्सा होगा, जिस पर काम चल रहा है। नया ऐप आपको ChatGPT या जेमिनी जैसे अन्य चैटबॉट जैसा अनुभव प्रदान कर सकता है।
अपडेट
नए ऐप में मिलेंगी ये सुविधाएं
ऐपल के पर्सनल असिस्टेंट के लिए नए सिरे से तैयार किया गया सिरी अब तक के सबसे बड़े अपडेट्स में से एक होने की उम्मीद है। नया सिरी जटिल प्रश्नों को भी हल कर सकेगा, जिन्हें वह वर्तमान में OpenAI के साथ हुए समझौते के तहत ChatGPT को भेजता है।हालांकि, ऐसी अफवाहें हैं कि इस समझौते के कारण दोनों कंपनियों के बीच तनाव पैदा हुआ है। इसके अलावा, यूजर को नया 'सर्च या आस्क' शॉर्टकट भी मिल सकता है।