ऐपल ने 110 देशों में इन खास यूजर्स को दी स्पाइवेयर के खतरे की चेतावनी
ऐपल हाल ही में 110 देशों में अपने यूजर्स को मर्सनरी स्पाइवेयर नाम के ऐसे खतरनाक साइबर हमलों के बारे में चेतावनी दी है, जो पैसे लेकर लोगों की जासूसी करते हैं।
इन हमलों का निशाना आमतौर पर पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, राजनेता और राजनयिक जैसे खास लोग होते हैं। अक्सर इनका संबंध उन सरकारों या कंपनियों से होता है, जो पेगासस जैसे निगरानी टूल का इस्तेमाल करती हैं। कंपनी ने बताया है कि आम यूजर्स को इससे ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है।
लॉकडाउन मोड और सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह
अगर, किसी को यह चेतावनी मिली है या वे अपनी सुरक्षा और पुख्ता करना चाहते हैं तो ऐपल लॉकडाउन मोड चालू करने की सलाह दे रही है। इसके साथ ही, उसने कुछ और अहम सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए भी कहा है। इनमें डिवाइस को लगातार अपडेट करना, मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करना और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखना शामिल है।
केवल ऐप स्टोर से ही ऐप्स डाउनलोड करें और हमेशा याद रखें कि किसी भी संदिग्ध लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक न करें। ऑनलाइन अपनी जानकारी को सुरक्षित रखने का यह एक बेहद अहम तरीका है।