एंथ्रोपिक का बड़ा ऑफर, क्लॉड यूजर्स को मिलेगी दोगुनी यूज लिमिट
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने AI चैटबॉट क्लॉड के यूजर्स के लिए एक खास ऑफर शुरू किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि कुछ समय के लिए यूज लिमिट बढ़ाई जाएगी। इसका मतलब है कि यूजर्स पहले से ज्यादा बार क्लॉड का इस्तेमाल कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह कदम उन लोगों के लिए धन्यवाद की तरह है जो नियमित रूप से क्लॉड का इस्तेमाल करते हैं और इस प्लेटफॉर्म को लोकप्रिय बना रहे हैं।
फायदा
यूजर्स को क्या फायदा मिलेगा?
इस ऑफर के तहत यूजर्स को अपनी सामान्य यूज लिमिट से लगभग दोगुना इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा। यानी वे एक तय समय के अंदर पहले से ज्यादा सवाल पूछ सकते हैं या काम कर सकते हैं। यह सुविधा तब मिलेगी जब यूजर्स व्यस्त समय के बाहर क्लॉड का इस्तेमाल करेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए किसी भी तरह की सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं होगी और यह सुविधा अपने आप लागू हो जाएगी।
समय
कब तक उठाया जा सकता है लाभ?
कंपनी के अनुसार यह विशेष ऑफर सीमित समय के लिए उपलब्ध है। यूजर्स इसे 13 मार्च से लेकर 27 मार्च तक ही इस्तेमाल कर सकते हैं। इस दौरान जो लोग ऑफ-पीक समय में क्लॉड का उपयोग करेंगे उन्हें अतिरिक्त यूज लिमिट का फायदा मिलेगा। यह सुविधा क्लॉड के वेब वर्जन, डेस्कटॉप ऐप और मोबाइल ऐप सभी पर लागू होगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस ऑफर का फायदा उठा सकेंगे।
फायदा
अन्य सेवाओं पर भी मिलेगा फायदा
एंथ्रोपिक ने बताया कि यह ऑफर कई इंटीग्रेशन सेवाओं पर भी लागू होगा। इसमें क्लॉड कोवर्क, क्लॉड कोड, क्लॉड फॉर एक्सेल और क्लॉड फॉर पावरपॉइंट जैसी सेवाएं भी शामिल हैं। कंपनी ने पहले भी कुछ यूजर्स के लिए ऐसा ऑफर दिया था, लेकिन इस बार इसे ज्यादा लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है। हालांकि, यह ऑफर सामान्य यूजर्स के लिए है और कंपनी के एंटरप्राइज कस्टमर्स को इस प्रमोशन में शामिल नहीं किया गया है।