एंथ्रोपिक CEO ने AI की ताकत पर एकाधिकार के दावे को किया खारिज
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी ताकत केवल बड़ी टेक कंपनियों के हाथों में जाने की चिंताएं बढ़ा-चढ़ाकर बताई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सोच-समझकर बनाए गए नियम दरअसल बड़ी कंपनियों पर लगाम लगा सकते हैं और नई छोटी कंपनियों को बाजार में आगे बढ़ने का मौका दे सकते हैं।
उनके मुताबिक, यह सोचना कि नियम हमेशा ताकत को एक जगह इकट्ठा करने का जरिया होते हैं, एक गलत धारणा है।
AI मॉडल की लॉन्च से पहले सुरक्षा जांच की मांग
अमोदेई ने कैलिफोर्निया के SB 53 और SB 1047 बिलों का समर्थन किया है। ये बिल छोटी AI कंपनियों के लिए नियम आसान करेंगे, वहीं बड़े खिलाड़ियों के लिए कड़े मानक तय करेंगे।
उनका मानना है कि इस तरीके से छोटे डेवलपर बिना कागजी कार्रवाई के बोझ तले दबे आगे बढ़ सकते हैं। अमोदेई ने नए ताकतवर AI मॉडल लॉन्च करने से पहले उनकी सुरक्षा जांच की भी मांग की है।
इसके साथ ही, उन्होंने गूगल डीपमाइंड के CEO डेमिस हसाबीस के उस सुझाव का भी समर्थन किया है, जिसमें AI के लिए FINRA जैसी एक निगरानी संस्था बनाने की बात कही गई थी।