LOADING...
एलन मस्क का बड़ा दावा, 4-5 साल में इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान हो सकता है AI
4-5 साल में इंसानों से आगे निकल सकता है AI

एलन मस्क का बड़ा दावा, 4-5 साल में इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान हो सकता है AI

Jun 22, 2026
02:57 pm

क्या है खबर?

टेस्ला और xAI के प्रमुख एलन मस्क का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अगले 4-5 साल में इंसानों की कुल बौद्धिक क्षमता से भी आगे निकल सकता है। उन्होंने यह बात उद्यमी पीटर डायमंडिस की एक पोस्ट के जवाब में कही। डायमंडिस ने कहा था कि भविष्य की खुशहाली बेहतर तकनीक, अधिक कंप्यूटिंग क्षमता और ज्यादा लोगों तक संसाधनों की पहुंच पर निर्भर करेगी। इसी चर्चा के दौरान मस्क ने AI को अगली बड़ी तकनीकी छलांग बताया।

चेतावनी

पहले भी AGI को लेकर दे चुके हैं चेतावनी

मस्क इससे पहले भी कई बार कह चुके हैं कि आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) बहुत जल्द सामने आ सकती है। उनका मानना है कि 2027 के आसपास कोई एक AI मॉडल किसी भी इंसान से अधिक बुद्धिमान बन सकता है। वहीं, 2030 या 2031 तक AI पूरी मानवता की संयुक्त बौद्धिक क्षमता से आगे निकल सकता है। मस्क के अनुसार, इस तकनीक का विकास नीति निर्माताओं की अपेक्षा से कहीं अधिक तेजी से हो रहा है।

कंपनियां

तेजी से आगे बढ़ रही हैं AI कंपनियां

दुनियाभर की कई बड़ी टेक कंपनियां पहले ही अधिक शक्तिशाली AI मॉडल बनाने की दौड़ में जुटी हैं। OpenAI, गूगल, मेटा, एंथ्रोपिक और xAI जैसी कंपनियों के मॉडल अब कोड लिखने, कंटेंट तैयार करने, रिसर्च करने और जटिल समस्याओं को हल करने में सक्षम हो रहे हैं। इन कंपनियों ने डाटा सेंटर, AI चिप्स और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर का निवेश भी शुरू कर दिया है, जिससे AI का विकास और तेज होने की उम्मीद है।

Advertisement

ऑटोमेशन

ऑटोमेशन और रोबोटिक्स में बड़ा बदलाव देख रहे मस्क

मस्क का मानना है कि AI से चलने वाली मशीनें भविष्य में इंसानों के कई काम अपने हाथ में ले सकती हैं। उनके मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, कंस्ट्रक्शन और अन्य श्रम आधारित क्षेत्रों में AI आधारित रोबोट बड़ी भूमिका निभाएंगे। टेस्ला का ऑप्टिमस ह्यूमनॉइड रोबोट भी इसी सोच का हिस्सा है। मस्क का कहना है कि AI से लैस रोबोट भविष्य में चीजों और सेवाओं को सस्ता, सुलभ और लोगों के लिए अधिक उपयोगी बना सकते हैं।

Advertisement