बंगाल समेत 4 राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव आज, रेजीनगर में हुमायूं कबीर हिरासत में
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल समेत 4 राज्यों की 6 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के तहत मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इसमें एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की सीट भी शामिल है। बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर, तमिलनाडु के मदुरंतकम और धरपुरम विधानसभा सीटों के साथ-साथ पुडुचेरी के थट्टनचावडी और असम के नागांव लोकसभा सीट पर मतदान शुरू है। रेजिनगर में सुबह आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के विधायक हुमायूं कबीर को हिरासत में लिया गया है।
उपचुनाव
बंगाल में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान
पूर्वी मेदिनीपुर की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजिनगर सीट पर मतदान के दिन कड़ी सुरक्षा है। यहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की 71 कंपनियां तैनात हैं।
रेजिनगर और नौदा सीट से 2026 विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर जीते थे। उन्होंने बाद में रेजिनगर सीट छोड़ दी। अब उपचुनाव में उन्होंने यहां से अपने बेटे गुलाम नबी आजाद को उतारा है।
यहां भाजपा, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, तृणमूल कांग्रेस के 2 गुट भी चुनाव लड़ रहे हैं।
संग्राम
नंदीग्राम में महासंग्राम
नंदीग्राम में भाजपा और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की साख दांव पर है। सुवेंदु ने कोलकाता के भवानीपुर और नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था।
उन्होंने भवानीपुर से ममता बनर्जी को हराया और नंदीग्राम सीट भी जीती। चुनाव बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी।
अब उपचुनाव में उन्होंने अपने दिवंगत सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ को उतारा है। चंद्रनाथ की चुनाव बाद गोली मारकर हत्या हुई थी।
कांग्रेस ने मिलन प्रधान को उतारा है, जिनको ममता का समर्थन है।
असम
असम में मुस्लिम बहुल सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
असम के मुस्लिम बहुल नागांव लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
यहां उपचुनाव में 9 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 15 उम्मीदवार उतरे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले यहां से मौजूदा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। बोरदोलोई अब भाजपा विधायक हैं।
बोरा पूर्व विधायक हैं, जबकि शर्मा पूर्व IAS अधिकारी रहे हैं।
तमिलनाडु
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय की पहली परीक्षा
तमिलनाडु के मदुरंतकम और धरपुरम विधानसभा सीट पर सबकी नजर है, जो मुख्यमंत्री विजय की अप्रैल में चुनाव जीतने के बाद पहली परीक्षा है।
उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने दोनों सीटों से AIADMK के पूर्व विधायक मरगथम कुमारवेल और पी सत्यबामा को मैदान में उतारा है।
मरगथम और सत्यबामा ने अप्रैल में AIADMK से यहां चुनाव जीता था, लेकिन पार्टी छोड़कर वे TVK में शामिल हो गए। अब दोबारा से चुनाव मैदान में उतरे हैं।
ट्विटर पोस्ट
पश्चिम बंगाल में हुमायूं कबीर हिरासत में
#WATCH | West Bengal: Aam Janata Unnayan Party (AJUP) chief and MLA Humayun Kabir being taken away by Rejinagar Police from his party office in Murshidabad. More details awaited.
— ANI (@ANI) October 6, 2026
Earlier today, he cast his vote in the Rejinagar Assembly constituency by-election. pic.twitter.com/64BUjurfKQ