पश्चिम बंगाल समेत 4 राज्यों में हुए उपचुनाव के परिणाम आज, नंदीग्राम-नागांव पर नजर
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल समेत 4 राज्यों की 6 सीटों पर पिछले दिनों हुए उपचुनाव के परिणाम शुक्रवार शाम तक घोषित हो जाएंगे।सभी जगह वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। मंगलवार 6 अक्टूबर को बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर, तमिलनाडु के मदुरंतकम और धरपुरम के साथ-साथ पुडुचेरी के थट्टनचावडी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था। इन 5 विधानसभा सीटों के अलावा असम में नागांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। सबकी नजर नंदीग्राम और नागांव परिणाम पर है।
बंगाल
बंगाल में 80 प्रतिशत हुआ था मतदान
पूर्वी मेदिनीपुर की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजिनगर सीट पर वोटों की गिनती हो रही है। यहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की 71 कंपनियां तैनात हैं। यहां दोनों सीटों पर 80 प्रतिशत मतदान हुआ था।
रेजिनगर और नौदा सीट से 2026 चुनाव में हुमायूं कबीर जीते थे। उन्होंने बाद में रेजिनगर छोड़ दी। अब उपचुनाव में उन्होंने अपने बेटे गुलाम नबी आजाद को उतारा है।
यहां भाजपा, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, तृणमूल कांग्रेस के 2 गुट भी चुनाव लड़ रहे हैं।
नंदीग्राम
नंदीग्राम में सुवेंदु की साख दांवपर
नंदीग्राम में भाजपा और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की साख दांव पर है।
सुवेंदु ने कोलकाता के भवानीपुर और नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था। उन्होंने भवानीपुर से ममता बनर्जी को हराया और नंदीग्राम सीट भी जीती।
चुनाव बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी। अब उपचुनाव में उन्होंने अपने दिवंगत सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ को उतारा है।
चंद्रनाथ की चुनाव बाद गोली मारकर हत्या हुई थी। कांग्रेस ने मिलन प्रधान को उतारा है, जिनको ममता का समर्थन है।
असम
मुस्लिम बहुल क्षेत्र में कांग्रेस की सीट वापसी की कोशिश
असम के मुस्लिम बहुल नागांव लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
विधानसभा चुनाव से पहले यहां से मौजूदा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी।
बोरदोलोई अब भाजपा विधायक हैं। बोरा पूर्व विधायक हैं, जबकि शर्मा पूर्व IAS अधिकारी रहे हैं। यहा 76.19 प्रतिशत मतदान हुआ था। कांग्रेस सीट वापस पाना चाहती है।
तमिलनाडु
तमिलनाडु में 80 प्रतिशत से ऊपर मतदान
तमिलनाडु के मदुरंतकम में 86.26 और धरपुरम में 80.21 प्रतिशत मतदान हुआ था। ये चुनाव मुख्यमंत्री विजय की अप्रैल में चुनाव जीतने के बाद पहली परीक्षा है।
उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने दोनों सीटों से AIADMK के पूर्व विधायक मरगथम कुमारवेल और पी सत्यबामा को मैदान में उतारा है।
मरगथम और सत्यबामा ने अप्रैल में AIADMK से यहां चुनाव जीता था, लेकिन पार्टी छोड़कर वे TVK में शामिल हो गए। अब दोबारा से चुनाव मैदान में उतरे हैं।
ट्विटर पोस्ट
नंदीग्राम में मतगणना के दिन सुरक्षा
#WATCH पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। मतगणना केंद्र पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। pic.twitter.com/V5pvk9EQDJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 9, 2026