
पश्चिम बंगाल में भाजपा के अध्यक्ष बनेंगे समिक भट्टाचार्य, निर्विरोध चुना जाना तय
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य का बनना लगभग तय है। उन्होंने बुधवार को पार्टी के साल्ट लेक कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। अगर शाम तक कोई नामांकन दाखिल नहीं होता तो वह निर्विरोध चुने जाएंगे। हालांकि, अभी तक किसी ने नामांकन दाखिल नहीं कराया है। समिक के समर्थन में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी नामांकन दाखिल कराने पहुंचे थे।
चर्चा
दिल्ली पहुंचने पर उनके नाम की चर्चा शुरू हुई
समिक सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने गृह मंत्रालय की स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया था। उसी शाम उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की थी। समिक यहां वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद के साथ गए थे, जो बंगाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया की देखरेख कर रहे हैं। इसलिए इसे संयोग नहीं कहा गया। इस मुलाकात से समिक की दावेदारी को हवा मिली।
पहचान
कौन हैं समिक भट्टाचार्य?
समिक भट्टाचार्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े बताए जाते हैं। वह स्नातक हैं और 2024 में भाजपा की ओर से राज्यसभा सांसद बनाए गए हैं। उन्होंने 2014 में बशीरहाट दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से पश्चिम बंगाल विधानसभा का उपचुनाव जीता था। इसके बाद और पहले उन्होंने कई चुनाव लड़े, लेकिन जीत नहीं सके। उनकी पत्नी और परिवार के विषय में जानकारी सार्वजनिक नहीं है। वे बंगाल में विधानसभा से पहले सुकांत मजूमदार की जगह संभालकर पार्टी को मजबूत करेंगे।