तमिलनाडु में AIADMK के 3 विधायक TVK में शामिल, इस्तीफा दिया
क्या है खबर?
तमिलनाडु की राजनीति में सोमवार को नया मोड़ दिया। यहां अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के 3 बागी विधायकों ने पार्टी छोड़कर सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की कमान संभाल ली है। तीनों विधायक बागी नेता सी वे शनमुगम के खेमे के हैं, जिसमें के मरगथम, डी जयकुमार और वी सत्यबामा शामिल हैं। उन्होंने सोमवार को तमिलनाडु के विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
बहुमत
अब 4 सीटों पर होगा उपचुनाव
AIADMK के 3 विधायकों के इस्तीफा देने से अब राज्य में अगले 6 महीने के भीतर कुल 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। इसमें एक सीट मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय (थलापति विजय) की छोड़ी गई तिरुचिरापल्ली (पूर्वी) विधानसभा भी शामिल है। विधायकों के इस्तीफे से AIADMK के विधायकों की संख्या घटकर 44 हो गई है, जो पहले 47 थी। बता दें कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने बागी नेताओं को सरकार में शामिल करने को लेकर चेतावनी दी है।
राजनीति
AIADMK के 24 विधायकों ने दिया था TVK को समर्थन
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में, एडप्पाडी के पलानीस्वामी के नेतृत्व में AIADMK ने 234 में 47 सीटें जीती थीं। 108 सीट पाकर बहुमत के संकट से जूझ रहे विजय ने 13 मई को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान कांग्रेस, वामदल, VCK और मुस्लिम लीग के बदौलत न केवल 118 सीटों का बहुमत प्राप्त कर लिया, बल्कि AIADMK के बागी 24 विधायक भी विजय के समर्थन में खड़े हो गए। इससे विजय की विधायकों की संख्या 144 हो गई थी।
चुनाव
तमिलनाडु में बड़ी पार्टी बनी TVK
तमिलनाडु में बहुमत का आंकड़ा 118 है। TVK को सबसे ज्यादा 108 सीटें मिली हैं। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने 59, कांग्रेस ने 5, विदुथलाई चिरुथाइगल कत्ची (VCK), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI), (CPI-M) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने 2-2 और देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कड़गम ने एक सीट जीती है। AIADMK ने 47, पट्टाली मक्कल काची (PMK) ने 4, भाजपा और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMKMNKZ) ने एक-एक सीट जीती है।