LOADING...
केरल में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर बोला हमला, जानिए क्या कहा
केरल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर हमला बोला है

केरल में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर बोला हमला, जानिए क्या कहा

Mar 29, 2026
03:55 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केरल विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवारों के समर्थन में पलक्कड़ में एक जनसभा को संबोधित किया। इसमें प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ताधारी और विपक्षी गठबंधनों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य दो स्वार्थी दलों के बीच फंसा हुआ है। उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) और कांग्रेस समर्थित संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) पर वोट बैंक की राजनीति करने और विकास की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।

प्रतिबद्धता

भाजपा विकसित केरल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भाजपा एक विकसित केरलम के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य की जनता भी अब विकास और स्थिरता के लिए नए विकल्प की ओर देख रही है।" उन्होंने कहा, "दशकों से LDF और UDF केरल को लूट रहे हैं। एक पार्टी भ्रष्ट है और दूसरी उससे भी अधिक भ्रष्ट है, लेकिन जो अब तक अपरिवर्तित रहा है, वह अब जरूर बदलेगा। केरल के युवा भाजपा और NDA की नीतियों से खासे प्रभावित नजर आ रहे हैं।"

समझौता

प्रधानमंत्री मोदी ने LDF और UDF पर लगाया समझौते का आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "LDF और UDF के बीच एक समझौता हुआ है, जिसके तहत कुछ वर्षों तक LDF शासन करेगी और फिर UDF। हालांकि, दोनों पार्टियां भाजपा की बढ़ती उपस्थिति से अवगत हैं।" उन्होंने आगे कहा, "ये भ्रष्ट पार्टियां भाजपा से डरती हैं। LDF का कहना है कि UDF भाजपा की B टीम है और UDF का कहना है कि LDF भाजपा की B टीम है। केरल के लोग जानते हैं कि कौन किस पार्टी की B टीम है।"

Advertisement

वादा

प्रधानमंत्री मोदी ने किया घोटालों की जांच का वादा

प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन घोटालों में शामिल थे और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहे। उन्होंने कहा, "LDF और UDF ने कई घोटाले किए हैं। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते, लेकिन जब भाजपा सत्ता में आएगी, तो हम सभी घोटालों की जांच करेंगे और सच्चाई सामने लाएंगे। दोनों पार्टियां अब भाजपा के प्रभाव से डरी हुई हैं। उनके नेता सो नहीं पा रहे हैं, वे डरे हुए हैं।"

Advertisement

हमला

कांग्रेस और वामपंथी रणनीति पर हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कांग्रेस और वामपंथी दल पूरे देश में गठबंधन करते हुए चुनाव लड़ते हैं, लेकिन केरल में वे आपस में लड़ते हैं। वे जनता को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे में मतदाताओं से सतर्क रहने की जरूरत है।" उन्होंने आगे कहा, "औद्योगिक विकास की कमी ने राज्य में रोजगार को प्रभावित किया है। यहां उद्योग स्थापित नहीं हुए, इसलिए युवाओं को नौकरियां नहीं मिलीं, लेकिन भाजपा केरल में विकास और बदलाव जरूर लाएगी।"

ट्विटर पोस्ट

यहां सुने प्रधानमंत्री मोदी का पूरा भाषण

आरोप

"राजनीतिक फायदे के लिए लोगों की जान को जोखिम में डाल रही कांग्रेस"

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "इस समय पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध पर सबकी नजर है। इस युद्ध का प्रभाव भारत पर कम से कम पड़े इसके लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है।" उन्होंने कहा, "इस संवेदनशील मामले में कांग्रेस जिस तरह के बयान दे रही है, वह खतरनाक है। कांग्रेस चाहती है कि खाड़ी देशों में रहने वाले करीब 1 करोड़ भारतीयों की जिंदगी खतरे में पड़ जाए और फिर कांग्रेस इसका सियासी फायदा उठा सके।"

Advertisement