प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेन शाह को दी बधाई, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेता बालेंद्र शाह 'बालेन' ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली। इसी के साथ 35 वर्षीय बालेन देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बन गए हैं। यह समारोह काठमांडू स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित हुआ। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने बालेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वह उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।
बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने किस तरह दी बधाई?
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर बालेंद्र शाह को हार्दिक बधाई। आपकी नियुक्ति नेपाल की जनता द्वारा आपके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है। मैं भारत-नेपाल मित्रता और सहयोग को दोनों देशों की जनता के पारस्परिक लाभ के लिए नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।' प्रधानमंत्री मोदी के इस संदेश के काफी अहम मायने हैं।
शपथ
बालेन के मंत्रिमंडल के मंत्रियों ने भी ली शपथ
35 वर्षीय रैपर और इंजीनियर बालेन को रक्षा, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय का प्रभार भी सौंपा गया है। अर्थशास्त्री स्वर्णिम वागले को वित्त मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि शिक्षाविद शिशिर खनाल नए विदेश मंत्री बनेंगे। इससे पहले बालेन तीन साल तक काठमांडू के महापौर रह चुके हैं। वह चुनाव से कुछ समय पहले ही RSP में शामिल हुए थे। बालेन की अगुवाई वाली RSP ने प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों में से 182 सीटों पर कब्जा किया है।