नितिन नबीन संग नए पदाधिकारियों की पहली बैठक, एजेंडे में विधानसभा चुनाव और युवा
क्या है खबर?
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी नई टीम के साथ रणनीति बनाने में जुट गए हैं। आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ वे बैठकें कर रहे हैं। इसमें 17 अगस्त को घोषित नई टीम के पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जा रहा है। बैठक में राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, कार्यक्रम प्रभारी विनोद तावड़े, राज्य भाजपा अध्यक्ष, राज्य प्रभारी और संगठनात्मक महासचिव शामिल हैं।
एजेंडा
क्या है बैठक का एजेंडा?
रिपोर्ट के मुताबिक, बैठकों में नई टीम के पदाधिकारियों के परिचय से लेकर 'मोदी@25' कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा होगी। वहीं, शाम की बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठन की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर मंथन होगा।
न्यूज18 के मुताबिक, विधानसभा चुनावों के लिए संकल्प पत्र का मसौदा तैयार करने, पंजाब चुनाव के लिए रणनीति और उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक उपस्थिति को मजबूत करने पर चर्चा होगी। साथ ही पार्टी के गुटों के प्रबंधन पर भी मंथन होगा।
मोदी@25
'मोदी@25' पर दूसरी बैठक का फोकस
आज तक ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दूसरे सत्र में होने वाली बैठक का फोकस 'Modi@25' कार्यक्रम पर रहेगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में संवैधानिक पद पर बने रहने के 25 साल पूरे होने पर रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी इस मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में हैं।
बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनता तक पहुंचने के तरीकों और अभियान के अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
अमित शाह
अमित शाह बैठक को कर सकते हैं संबोधित
भाजपा पदाधिकारियों की आज 3 अहम बैठक होनी है। पहली बैठक औपचारिक परिचय को लेकर हुई, जो दोपहर 12 बजे तक चली।
तीसरी बैठक शाम 6 बजे होगी, जिसमें नबीन के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। माना जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक को संबोधित कर सकते हैं। शाम की बैठक में पार्टी के कार्यक्रमों, संगठन रणनीति और चुनावी तैयारियों पर मंथन होगा।
नई टीम
कैसी है नबीन की नई टीम?
नबीन ने नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलन साधा है। टीम के सदस्यों की औसत आयु 55 साल है और इसमें 75 प्रतिशत से अधिक नए सदस्य हैं।
विनोद तावड़े, राम माधव और सुनील बंसल जैसे संगठन में काम कर चुके नेताओं को जगह मिली है।
चुनावी राज्यों को ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया गया है।
साथ ही 13 उपाध्यक्षों में 6 महिलाओं को जगह दी गई है। पीयूष गोयल को फिर से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।