केरल विधानसभा चुनाव 2026: भाजपा ने जारी किया अपना घोषणापत्र, जानिए क्या-क्या वादे किए
क्या है खबर?
भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने मंगलवार को केरल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। इस महत्वाकांक्षी घोषणापत्र में राज्य के लोगों के कल्याण, स्वास्थ्य सेवा और आर्थिक सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया है। यह घोषणापत्र तिरुवनंतपुरम में NDA के एक कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा जारी किया गया। इस मौके पर केरल के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
नाम
भाजपा ने घोषणापत्र को 'संकल्प पत्र' नाम दिया
भाजपा ने घोषणापत्र को 'संकल्प पत्र' का नाम दिया है। इस घोषणापत्र में अलग-अलग शहरों को खास पहचान देने की बात कही गई है। इन्हें अलग-अलग सेक्टर में विकसित करने का वादा किया है। इसके तहत तिरुवनंतपुरम को IT और इनोवेशन हब, कोच्चि को भारत का शिपबिल्डिंग केंद्र, कोझिकोड को हेल्थकेयर और मेडिकल इनोवेशन का हब, त्रिशूर को सांस्कृतिक पर्यटन राजधानी और कोल्लम को ब्लू इकोनॉमी और समुद्री निर्यात का केंद्र बनाने का वादा किया गया है।
मदद
महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा
भाजपा ने सरकार बनने पर 'भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड' देने का वादा किया है, जिसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता दी जाएगी, जिससे वे दवाइयों और जरूरी सामान की खरीद कर सकें। इसके अलावा गरीब परिवारों को ओणम और क्रिसमस के अवसर पर साल में 2 मुफ्त LPG सिलेंडर देने का भी वादा किया है। इकसे साथ ही हर घर को प्रति माह 20,000 लीटर मुफ्त पानी देने का भी वादा किया गया है।
वादा
केरल में AIIMS और हाई स्पीड रेल का वादा
इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य क्षेत्र पर भी खास जोर दिया गया है। पार्टी ने केरल में एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) स्थापित करने और तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने की योजना पेश की है। इसके साथ ही सबरीमला और गुरुवायूर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बेहतर प्रबंधन के लिए देवस्वम बोर्ड में सुधार का वादा किया गया है। मुल्लापेरियार बांध को लेकर केरल के हितों की पूरी सुरक्षा करने का भी वादा किया है।
दावा
राज्य में भाजपा को वोट प्रतिशत 20 पर पहुंचा- नबीन
इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष नबीन ने लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन वर्षों से 'गेम फिक्सिंग' की राजनीति कर रहे हैं और बारी-बारी से सत्ता में आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा का वोट शेयर 2 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य अब 'विकसित केरलम' बनेगा।
चुनाव
केरल में 9 अप्रैल को होगा मतदान
बता दें कि केरल विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल, 2026 को होने वाले हैं, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है। 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है, जहां UDF सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहा है, वहीं LDF पिछले करीब एक दशक से सरकार चला रहा है। राज्य में लगभग 2.7 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 1.31 करोड़ पुरुष और 1.38 करोड़ महिलाएं हैं।