गाजियाबाद: प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए स्कूल बंद, बाद में वापस लिया आदेश
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने आ रहे हैं, जिसको लेकर गाजियाबाद जिला प्रशासन का पत्र सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने 24 मार्च को पत्र जारी कर 28 मार्च को सभी स्कूलों को बंद रखने और 800 बसों की व्यवस्था करने का आदेश दिया था। आदेश की आलोचना के बाद जिलाधिकारी ने यह फैसला वापस ले लिया है।
आदेश
जिलाधिकारी ने क्या दिया था आदेश?
जिलाधिकारी ने यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर निर्देश दिया था कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लाभार्थियों के आवागमन के लिए गाजियाबाद से 800 बसों की व्यवस्था की जानी है और यातायात प्रबंधन के लिए सभी स्कूलों में 28 मार्च को ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी। इसकी आलोचना होने पर 25 मार्च को संशोधित आदेश जारी कर स्कूल खोलने को कहा गया है। हालांकि, 800 बसों की व्यवस्था पर कोई नया आदेश नहीं है।
ट्विटर पोस्ट
जिलाधिकारी का आदेश
28 मार्च को PM नरेंद्र मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उदघाटन करने आ रहे हैं। गाजियाबाद के DM ने आदेश दिया कि 800 बसों में बैठकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थी इस कार्यक्रम में जाएंगे। ऐसे में स्टूडेंट्स के लिए स्कूल बंद रहेंगे, क्लासेज ऑनलाइन चलेंगी।
— Sachin Gupta (@Sachingupta) March 26, 2026
चौतरफा आलोचना के बाद ये आदेश… pic.twitter.com/1szWAL7Fw7
दौरा
हवाई अड्डे के पहले चरण का होगा उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च को सुबह 11:30 बजे हवाई अड्डे के टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे। दोपहर 12 बजे प्रथम चरण का उद्घाटन होगा और जनसभा को संबोधित किया जाएगा। हवाई अड्डा लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार हो रहा है। हवाई अड्डे में एक मल्टी-मोडल कार्गो हब भी शामिल है, जो सालाना 25 लाख मीट्रिक टन से कार्गो संभालेगा। प्रारंभिक चरण में हवाई अड्डे की यात्री क्षमता 1.20 करोड़ प्रतिवर्ष होगी, जो 7 करोड़ तक बढ़ सकती है।