केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के आवास समेत कई ठिकानों पर ED का छापा
क्या है खबर?
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के तिरुवनन्तपुरम स्थित बेकरी जंक्शन स्थित किराए के मकान पर छापा मारा है। यह कार्रवाई उनकी बेटी वीना की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड और कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) के बीच चल रहे वित्तीय लेन-देन से संबंधित मामले में की गई है। एजेंसी ने छापा हाई कोर्ट के आदेश के बाद मारा है। उसने ED को मामले में जांच जारी रखने का निर्देश दिया है।
छापा
कहां-कहां पहुंची ED की टीम?
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, ED की टीम विजयन के कन्नूर स्थित निजी घर, CMRL के प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्था के घर, कोटुली स्थित पूर्व मंत्री मोहम्मद रियास के घर और बेंगलुरु स्थित एक्सालॉजिक के कार्यालय सहित कुल 12 स्थानों पर छापा मारने पहुंची है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजयन, CMRL-एक्सालॉजिक्स मामले में आरोपी उनकी बेटी वीना और परिवार के अन्य सदस्य अभी बेकरी जंक्शन स्थित घर में हैं।
ED के अधिकारी कड़ी सुरक्षा के बीच घर में दाखिल हुए हैं।
विवाद
क्या है मामला?
यह मामला 8 अगस्त, 2023 को कोच्चि स्थित CMRL से संबंधित आयकर विभाग की एक रिपोर्ट से सामने आया था।
उसमें पता चला कि CMRL ने 2017 से 2020 के बीच एक्सालॉजिक को 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया, जबकि एक्सालॉजिक ने उसे कोई सेवाएं नहीं दी।
इसके बाद केंद्र ने कॉरपोरेट मंत्रालय की एजेंसी सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) को मामले की जांच सौंपी।
एक्सालॉजिक ने सॉफ्टवेयर और विपणन सेवाओं के लिए CMRL से 2017 में समझौता किया था।
आरोप
वीना पर क्या है आरोप?
SFIO ने वीना को CMRL से कथित अवैध भुगतान लेने के मामले में शामिल किया है।
केंद्रीय एजेंसी का आरोप है कि वीना और उनकी फर्म, एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस ने CMRL से बिना कोई IT सेवाएं दिए 2.73 करोड़ रुपये का लेन-देन किया है।
SFIO के अधिकारियों का कहना है कि दोनों संस्थाओं के बीच एक औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे, लेकिन भुगतान धोखाधड़ी और अनुचित पाए गए थे।
CMRL में 182 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताएं मिली हैं।
आरोपपत्र
SFIO ने 25 को बनाया है आरोपी
SFIO ने मामले में जांच के बाद कोच्चि में आर्थिक अपराधों की विशेष कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसके बाद केंद्र ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी।
SFIO ने 160 पन्नों के आरोपपत्र में वीना, कार्था, CMRL के निदेशक अनिल आनंदा पणिक्कर, मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) सुरेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (CGM) पी सुरेश कुमार समेत 25 को आरोपी बनाया है।
इसमें CMRL, एक्सालॉजिक और कार्था के परिवार से जुड़ी इसकी सहायक कंपनी समेत कई कंपनियां सूचीबद्ध हैं।