LOADING...
धर्मेंद्र प्रधान ने NEET में खामियों को स्वीकार किया, कहा- हमने उन्हें सुधार लिया है
धर्मेंद्र प्रधान ने NEET में खामियों को स्वीकार किया

धर्मेंद्र प्रधान ने NEET में खामियों को स्वीकार किया, कहा- हमने उन्हें सुधार लिया है

लेखन गजेंद्र
Jun 24, 2026
06:48 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक से जुड़े विवाद पर अपना बयान देते हुए खामियों को स्वीकारा है। उन्होंने न्यूज18 से कहा कि केंद्र सरकार ने कमियों को स्वीकारते हुए तुरंत कार्रवाई की और खामियों को दूर करके NEET की पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की है। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक से जुड़े माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।

बयान

फास्ट ट्रैक कोर्ट में करेंगे सुनवाई 

प्रधान ने कहा, "NEET उम्मीदवारों और उनके परिवारों के लिए मेरा संदेश है कि देश की व्यवस्था पर भरोसा रखें। प्रधानमंत्री मोदी बहुत कुछ कर रहे हैं। हमने व्यवस्था को सही राह पर लाया है। मैं स्वीकार करता हूं कि हमने अतीत में गलतियां की हैं।" उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित होगी। उन्होंने सरकार को युवाओं के प्रति संवेदनशील बताया।

संदेश

सेना के इस्तेमाल पर क्या समस्या है- प्रधान

उन्होंने परीक्षा में भारतीय वायुसेना की मदद लिए जाने पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर कहा, "अगर भारत के युवाओं के लिए भारतीय वायुसेना और सशस्त्र सेनाओं का इस्तेमाल किया गया तो इसमें क्या समस्या है?" उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर युवाओं के मन में भय पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "विपक्ष और राहुल गांधी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। राहुल गांधी ने NEET परीक्षार्थियों को गुमराह किया।"

Advertisement