Page Loader
ममता बनर्जी पर दिलीप घोष ने की आपत्तिजनक टिप्पणी, TMC ने की चुनाव आयोग से शिकायत
दिलीप घोष ने की ममता बनर्जी पर विवादित टिप्पणी, तैज हुई राजनीति

ममता बनर्जी पर दिलीप घोष ने की आपत्तिजनक टिप्पणी, TMC ने की चुनाव आयोग से शिकायत

Mar 26, 2024
06:31 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भाजपा सांसद दिलीप घोष की टिप्पणी को लेकर राजनीति तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी यह विवाद गर्माया हुआ है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने मंगलवार (26 मार्च) को X पर घोष का एक वीडियो साझा किया। इसमें घोष ने ममता के पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसके बाद अब TMC ने पलटवार करते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। आइए पूरा मामला जान लेते हैं।

बयान

आखिर ऐसा क्या बोल गए घोष?

ममता को लेकर पूछ गए सवाल में मंगलवार को घोष ने अपने बयान में कहा कि वह पहले अपने पिता की पहचान करें। उन्होंने कहा, "ममता जब गोवा जाती हैं तो खुद को गोवा की बेटी कहती हैं। त्रिपुरा जाती है तो कहती हैं कि वह त्रिपुरा की बेटी हैं। वह पहले तय करें कि उनके पिता कौन है। किसी की भी बेटी बन जाना अच्छा नहीं है।" उनके इसी विवादित बयान पर तृणमूल के नेता भड़के हुए हैं।

शिकायत

TMC ने की घोष के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग

बंगाल की महिला और बाल विकास मंत्री शशि पांजा ने कहा, "घोष को तुरंत माफी मांगनी चाहिए। ये टिप्पणियां 'भाजपा खेमे के DNA' को दर्शाती हैं, जिससे भाजपा की स्त्रीद्वेषी मानसिकता की बू आती है।" TMC ने अपनी शिकायत में कहा कि घोष ने चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन किया है। लिहाजा उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो। TMC ने आयोग से घोष और अन्य भाजपा सदस्यों को ममता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने से रोकने की अपील भी की।

हमला

घोष के बयान से भड़के कीर्ति आजाद

TMC नेता कीर्ति आजाद ने कहा, "इस तरह की बातें हमारे देश की परंपरा में महिलाओं के लिए हमने कभी नहीं सुनी। ऐसी मानसिकता नारी शक्ति को शर्मसार करने वाली है। इससे पहले उन्होंने माता दुर्गा को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी।" उन्होंने कहा, "ये लोग राधा का नाम कृष्ण से पहले नहीं लगाते। ये लोग श्रीराम बोलते हैं, लेकिन माता सीता का नाम पहले नहीं लगाते। इन लोगों को महिलाओं का अपमान करने में प्रसन्नता होती है।"

टिप्पणी

माता दुर्गा के बारे में क्या बोले थे घोष?

घोष ने 2021 में मां दुर्गा पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, "भगवान राम एक राजा थे। कुछ लोग उन्हें अवतार मानते हैं। हम उनके पूर्वजों के नाम जानते हैं। क्या हम दुर्गा के पूर्वजों के बारे में जानते हैं?" इसके बाद भी विवाद हुआ था। बता दें, कीर्ति पश्चिम बंगाल के वर्धमान-दुर्गापुर सीट से TMC के लोकसभा उम्मीदवार है। उधर घोष इसी सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं।