Page Loader
दुनिया के सबसे बड़े क्रूज 'आइकॉन ऑफ द सीज' की सवारी के लिए चुकाने होंगे लाखों रुपये
आइकॉन ऑफ द सीज' दुनिया का सबसे बड़ा क्रूज शिप है

दुनिया के सबसे बड़े क्रूज 'आइकॉन ऑफ द सीज' की सवारी के लिए चुकाने होंगे लाखों रुपये

लेखन अंजली
Jul 17, 2023
06:23 pm

क्या है खबर?

पिछले महीने यह खबर सामने आई थी कि दुनिया का सबसे बड़ा क्रूज शिप साल 2024 में अपनी पहली यात्रा तय करेगा और अब यह बात सामने आई है कि 'आइकॉन ऑफ द सीज' नामक इस क्रूज की सवारी की कीमत प्रति व्यक्ति लाखों रुपये होगी। टाइटैनिक से बड़े इस क्रूज शिप में एक साथ 5,600 यात्री और 2,300 क्रू सदस्य आसानी से यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, हर किसी के लिए इसकी सवारी करना आसान नहीं है।

कंपनी

क्रूज शिप में आम आदमी के लिए यात्रा करना मुश्किल

क्रूज कंपनी रॉयल कैरेबियन रॉयल द्वारा बनाए गए इस क्रूज शिप ने पिछले महीने अपने सभी परीक्षणों को पास कर लिया। 450 से अधिक क्रूज शिप विशेषज्ञों ने इसकी कार्यक्षमता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 4 दिनों से अधिक समय तक परीक्षण किया था। हालांकि, इस क्रूज पर सवारी की कीमत आम आदमी की जेब पर भारी पड़ सकती है, इसलिए उनके लिए इसकी यात्रा करना मुश्किल हो सकता है।

खर्च

क्रूज पर यात्रा करने का खर्च 

रॉयल कैरेबियन की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, पश्चिमी कैरेबियन में 7 रातों के लिए अमेरिका के राज्य फ्लॉरिडा के शहर मियामी से रवाना होने वाले इस क्रूज की यात्रा करने के लिए एक व्यक्ति को 1,851 डॉलर ( लगभग 1,51,861 रुपये) से 1,913 डॉलर ( लगभग 1,56,948 रुपये) तक खर्च करने पड़ सकते हैं। हालांकि, मौसम के आधार पर कीमत बदल भी सकती है।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए दुनिया के सबसे बड़े क्रूज शिप की झलक

सुविधाएं

इन सुविधाओं से परिपूर्ण है यह क्रूज शिप

आइकॉन ऑफ द सीज में 20 डेक यानी फ्लोर हैं और इसमें रॉयल कैरेबियन का पहला पियानो बार भी शामिल होगा। इसमें दुनिया का सबसे बड़ा वॉटर पार्क होगा। इसमें आप 6 वॉटर स्लाइड्स, 7 स्विमिंग पूल और 9 व्हर्लपूल का आनंद ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त इसमें एक रिजॉर्ट गेटअवे, एक थीम पार्क, खान-पान की कई वैरायटी और मनोरंजन के लिए 40 से अधिक चीजें जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी।

तुलना

टाइटैनिक बनाम आइकॉन ऑफ द सीज

ट्विटर और इंस्टाग्राम जैसे मशहूर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आइकॉन ऑफ द सीज की टाइटैनिक के साथ तुलनाएं सामने आ रही हैं। टाइटैनिक दुनिया का सबसे पहला और सबसे मशहूर क्रूज शिप था। इसकी कुल लंबाई 269.1 मीटर थी, जबकि हाल ही में बने क्रूज शिप की लंबाई 365 मीटर है। टाइटैनिक में एक विशाल प्रथम श्रेणी डाइनिंग सैलून, 4 लिफ्ट और एक स्विमिंग पूल था, जबकि नए क्रूज में इसके मुकाबले कई ज्यादा सुविधाएं मौजूद हैं।