Page Loader
स्वतंत्रता दिवस पर पुरुष पहनें ये 5 आउटफिट, दिखेंगे आकर्षक और स्टाइलिश
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुरुषों पहनें ये आउटफिट

स्वतंत्रता दिवस पर पुरुष पहनें ये 5 आउटफिट, दिखेंगे आकर्षक और स्टाइलिश

लेखन अंजली
Aug 09, 2023
02:40 pm

क्या है खबर?

भारत में स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय त्योहार के तौर पर हर साल 15 अगस्त को मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन देश साल 1947 में अंग्रेजों के कब्जे से आजाद हुआ था। ऐसे में स्वाभाविक है कि इस दिन हर कोई अपनी देशभक्ति की भावना को दर्शाना चाहता है। अगर आप भी खुद को आजादी के रंग में रंगना चाहते हैं तो इस स्वतंत्रता दिवस पर इन आउटफिट को अपने स्टाइल का हिस्सा बना सकते हैं।

#1

तिरंगे के प्रिंट वाली टी-शर्ट के साथ नीली जींस पहनें

अगर पुरुषों को यह लगता है कि बाजार में तिरंगा रंग के आउटफिट सिर्फ महिलाओं के लिए ही उपलब्ध हैं तो ऐसा नहीं है क्योंकि उनके लिए भी इस रंग के कपड़े मौजूद हैं। आजकल तिरंगे के प्रिंट वाली सफेद रंग की टी-शर्ट काफी ट्रेंड में है। आप भी इस तरह की टी-शर्ट अपनी नीले रंग की जींस के साथ पहनकर स्वतंत्रता दिवस पर स्मार्ट दिख सकते हैं।

#2

कुर्ता और चूड़ीदार सेट 

अगर आपको इस स्वतंत्रता दिवस पर क्लासिक लुक चाहिए तो आप मैंडरिन कॉलर के साथ घुटने की लंबाई तक का कुर्ता पहन सकते हैं। कुर्ता अगर गहरे रंग का है तो इसे हल्के रंग के चूड़ीदार पजामे के साथ पहनें। कुर्ते के लिए आप ग्रे, मैरून, लाइट ग्रे और सी ग्रीन जैसे यूनिक रंग चुन सकते हैं, जबकि कुर्ते के रंग से कॉन्ट्रास्ट रंग का चूड़ीदार पजामा चुनें।

#3

जींस के साथ शॉर्ट कुर्ता 

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आप नीले रंग की जींस के साथ शॉर्ट कुर्ता भी पहन सकते हैं। इससे आपको एक स्मार्ट, डिसेंट और स्टाइलिश लुक मिलेगा। इसके लिए आप अपनी पसंद के अनुसार सादा कुर्ता या प्रिंटेड कुर्ता का चयन करें और इसे नीले रंग की जींस के साथ पहन सकते हैं। अगर आप केसरिया रंग के शार्ट कुर्ते को ब्लू जींस के साथ पहनेंगे तो यह आउटफिट आप पर काफी फबेगा।

#4

सफेद रंग की शर्ट के साथ सफेद शॉर्ट्स 

कई पुरुष और लड़के आजादी का जश्न पतंग उड़ाकर मनाते हैं। अगर आप कुछ ऐसा पहनना चाहते हैं, जिसमें आप आरामदायक महसूस करें तो सफेद रंग की शर्ट के साथ सफेद शॉर्ट्स को चुन सकते हैं। सफेद रंग की सूती शर्ट के साथ सफेद रंग की घुटनों तक की शॉर्ट्स पहनें। इसके साथ ही सफेद रंग के स्नीकर्स पहनें। लुक को पूरा करने के लिए सनग्लासेस जरूर लगाएं।

#5

खादी का कुर्ता-पजामा 

अगर आपको त्योहारों पर कुर्ता-पजामा पहनना अच्छा लगता है और स्वतंत्रता दिवस पर भी कुर्ता-पजामा में ही अलग छटा बिखेरना चाहते हैं तो फिर इस बार खादी के कुर्ता-पजामा ट्राई कर सकते हैं। आजादी का जश्न मनाने के लिए आप केसरिया या हरे रंग का खादी का कुर्ता पहन सकते हैं और इसके साथ सफेद रंग या मैचिंग का पजामा पहन सकते हैं। यह आउटफिट मौके के हिसाब से पूरी तरह मुफीद लगेगी।