अपने साधारण प्लाजो और पैंट को दें स्टाइलिश लुक, इन आकर्षक डिजाइन में सिलवाएं उनकी मोहरी
क्या है खबर?
भारतीय महिलाएं सूट, शरारा और कुर्ती के साथ पैंट या प्लाजो ही पहनना पसंद करती हैं। हालांकि, ये सभी बॉटमवियर नीचे से सरल दिखते हैं, जिनके कारण परिधान का पूरा लुक साधारण बन जाता है।
ऐसे में आपको अपने पारंपरिक प्लाजो और पैंट की मोहरी पर कुछ आकर्षक डिजाइन बनवानी चाहिए। ऐसा करने से आपका साधारण-सा आउटफिट भी शाही दिखने लगेगा और उसकी शोभा बढ़ जाएगी।
आज के फैशन टिप्स में हम आपको कुछ सुंदर मोहरी डिजाइन बताएंगे।
मोहरी डिजाइन
पहले जानें क्या होती है मोहरी डिजाइन?
भारतीय पारंपरिक परिधानों में मोहरी का मतलब होता है बॉटमवियर के निचले भाग पर बनी बॉर्डर वाली डिजाइन। मोहरी डिजाइन सरल या डिजाइनर, दोनों प्रकार की हो सकती है।
मोहरी को सजाने के लिए आप विभिन्न प्रकार के फैब्रिक, लेस, सितारे और नग आदि का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके जरिए पूरे परिधान में चार-चांद लग जाते हैं और पैरों की सुंदरता बढ़ जाती है।
असली और नकली जरी की पहचान करने के लिए अपनाएं ये तरीके।
#1
लेस डिजाइन
लेस वाली मोहरी डिजाइन महिलाओं के बीच सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है, क्योंकि यह सबसे एलेगेंट दिखती है। यह किसी भी पेस्टल रंग के सूट के साथ शानदार दिख सकती है और प्लाजो को भी आकर्षक दिखा सकती है।
आप हल्के रंगों वाले बॉटमवियर के साथ सफेद रंग की लेस लगवा सकती हैं और गहरे रंग के साथ काली लेस सिलवा सकती हैं।
आप लेस को दोहरी लेयर में भी लगवा सकती हैं, जिससे लुक और सुंदर लगेगा।
#2
सीक्विन डिजाइन
अगर आप अपने बॉटमवियर को चमकीला और शाही दिखाना चाहती हैं तो उस पर सीक्विन वाली मोहरी डिजाइन लगवाकर देखें।
यह धातु या प्लास्टिक से बना एक छोटा और चमकदार गोल नग होता है, जिसे सजावट के लिए कपड़ों पर सिला जाता है।
आप पैंट या प्लाजो की मोहरी पर ऊपर की ओर पारंपरिक डिजाइन वाली गोल्डन लेस लगा सकती हैं और उसके नीचे सीक्विन लगाकर उसे सजा सकती हैं।
इस डिजाइन वाली मोहरी त्योहार के कपड़ों पर जंचती है।
#3
जरी वाली कढ़ाई
अगर आपने शादी, पार्टी या त्योहार पर पहनने के लिए शरारा या गरारा लिया है तो उसे आकर्षक लुक देने के लिए जरी वाली मोहरी सिलवाएं।
जरी सोने और चांदी जैसी धातु से बने धागे होते हैं, जिन्हें कपड़ों पर कढ़ाई करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
आप बाजार से इन धागों को खरीदकर अपने दरजी को दे सकती हैं और उनकी मदद से मोहरी पर बेहद जटिल और सुंदर कढ़ाई करवा सकती हैं।
#4
चिकनकारी डिजाइन
चिकनकारी लखनऊ की एक प्रसिद्ध कढ़ाई शैली है, जिसमें महीन धागे से सुंदर कढ़ाई की जाती है। इसे आमतौर पर सफेद धागे का उपयोग करके किया जाता है, जिससे मोहरी को भी सजाया जा सकता है।
किसी कुशल कारीगर से प्लाजो और सलवार की मोहरी पर चिकन की कढ़ाई करवाएं और उसमें चार-चांद लगाने के लिए शीशे का काम भी करवाएं।
जानिए चिकनकारी कढ़ाई का समृद्ध इतिहास और करने का तरीका।