कहीं आपके परिधान में इस्तेमाल हुई जरी नकली तो नहीं? इन तरीकों से लगाएं पता
क्या है खबर?
जरी धातु का महीन धागा होता है, जो सोने या चांदी से बनता है। इस धागे की मदद से साड़ी, सूट और शरारा आदि पर डिजाइनर कढ़ाई-बुनाई की जाती है।
इन दिनों कई कारीगर लागत कम करने के लिए जरी को प्लास्टिक या सस्ती धातु से बने धागों से बदल देते हैं।
आम लोगों के लिए असली और नकली जरी के बीच फर्क कर पाना मुश्किल होता है।
आज के फैशन टिप्स में नकली जरी पहचानने के तरीके जानिए।
#1
जलाकर देखें
अगर आप जरी के धागे खरीदने जा रहे हैं तो आपको जलाने वाला परीक्षण करना चाहिए। यह तरीका थोड़ा खतरनाक होता है, लेकिन यह बेहद प्रभावी भी होता है।
इसके लिए जरी का छोटा-सा धागा लें और उसे जलाकर देखें। अगर वह सोने या चांदी से बना होगा तो वह आसानी से आग नहीं पकड़ेगा और भूरे रंग की राख में बदल जाएगा।
वहीं, नकली धागा पिघलने लगेगा, मुड़ जाएगा या उससे प्लास्टिक के जलने की दुर्गंध आने लगेगी।
#2
रगड़कर पता लगाएं
असली जरी की पहचान करने का सबसे प्रभावी और आसान तरीका होता है उसे रगड़कर देखना। कपड़े को अपनी 2 उंगलियों के बीच रखें और धीरे-धीरे मलकर जांच करें।
असली जरी की बनावट चिकनी होती है और वह उखड़ती या फीकी नहीं पड़ती है। दूसरी ओर, नकली जरी आसानी से उखड़ जाती है।
अगर रगड़ने पर सोने की सतह के नीचे आपको लाल, हरा या भूरा स्पर्श दिखाई दे तो समझ जाएं कि वह नकली है।
#3
दाम पर ध्यान दें
असली चांदी या सोने के घटकों से बनी जरी महंगे दामों में बिकती है। अगर आपको जरी के काम वाली भारी साड़ी बेहद सस्ते दाम में मिल रही है तो उसे खरीदने की गलती न करें।
यह सबसे बड़ा संकेत हो सकता है कि वह पूरी तरह नकली जरी है।
बड़े ब्रांड और प्रतिष्ठित दुकानों से कीमतों की तुलना करें और दुकानदार से हमेशा जरी की गुणवत्ता के बारे में जानकारी लें।
#4
धागे को खीचें
जरी के धागे की गुणवत्ता की जांच करने का आसान तरीका है उसे खींचकर देखना। कपड़े से निकलने वाला अतिरिक्त धागा तोड़ें और उसे हल्के हाथों से खींचकर देखें।
असली जरी रेशम या सूती धागे पर महीन चांदी या सोने के तार को लपेटकर बनाई जाती है, जिससे उसे मजबूती मिलती है।
जब आप इसे खोलेंगे तो आपको बीच में कपड़ा मिलेगा। इसके विपरीत, नकली जरी में प्लास्टिक या सिंथेटिक धागे का आधार होगा, जो खींचने पर टूट जाएगा।
#5
फिनिशिंग देखें
असली जरी रोशनी को रिफ्लेक्ट करती है और इसकी फिनिशिंग बेहद चिकनी होती है।
जब आप असली जरी से बनी साड़ी पहनकर देखेंगी तो वह अच्छी तरह से शरीर पर लिपट जाएगी, मुलायम लगेगी और सादगी से चमकेगी।
नकली जरी अक्सर बहुत ज्यादा चमकदार, पीली या पीतल जैसी दिखती है। वह छूने पर सख्त, खुरदरी या सस्ती भी लग सकती है।
समय के साथ नकली जरी छिलने लगती है, फीकी पड़ जाती है या टूटने लगती है।