LOADING...
रक्षाबंधन पर अपने भाई-बहनों संग करें इन अंतरराष्ट्रीय जगहों की यात्रा, लंबे वीकेंड का उठाएं लुफ्त 

रक्षाबंधन पर अपने भाई-बहनों संग करें इन अंतरराष्ट्रीय जगहों की यात्रा, लंबे वीकेंड का उठाएं लुफ्त 

लेखन सयाली
Aug 11, 2024
05:26 pm

क्या है खबर?

इस साल भाई-बहन के प्रेम को समर्पित रक्षाबंधन का त्योहार 19 अगस्त को मनाया जाएगा। यह पर्व इस बार एक लंबे वीकेंड के बीच पड़ने वाला है, जिसका फायदा उठाते हुए भाई-बहन यात्रा की योजना बना सकते हैं। भाई अपनी बहनों को तोहफे के तौर पर घुमाने ले जा सकते हैं, जिसके जरिए दोनों का रिश्ता और भी मजबूत हो जाएगा। इस बार अपने भाई-बहनों को लेकर इन अंतरराष्ट्रीय जगहों की यात्रा करें, जिससे त्योहार का मजा दोगुना हो जाएगा।

थाईलैंड

बैंकाक और पटाया 

आप अपने भाई-बहनों के साथ थाईलैंड के मशहूर शहर बैंकाक और पटाया का रुख कर सकते हैं। बैंकाक के जीवंत बाजारों में घूमते हुए आप खरीदारी कर सकते हैं और खान-पान का आनंद ले सकते हैं। साथ ही आप पटाया के खूबसूरत समुद्र तटों पर यादगार समय बिता सकते हैं। ये शहर इतिहास और विश्राम का समृद्ध मिश्रण प्रदान करते हैं और भारत के नजदीक भी हैं। बहनें रक्षाबंधन के दिन खूबसूरत दिखने के लिए ये पोशाकें पहन सकती हैं।

इंडोनेशिया 

बाली

जब अंतरराष्ट्रीय स्थानों पर छुट्टियां मानाने की बात आती है, तो भारतियों की पहली पसंद बाली शहर होता है। थाईलैंड का यह खूबसूरत स्थान आकर्षक समुद्र तट, प्राचीन मंदिर और हरे-भरे नजारे पेश करता है। बाली के मुख्य आकर्षणों में ताना लोट मंदिर और सेमिन्याक की नाइटलाइफ शामिल हैं। यहां आकर खूबसूरत लेमपुयांग मंदिर में पूजा करें और मशहूर बाली झूले पर तस्वीरें खिचवाएं। भारत और बाली के बीच की दूरी भी कम है, जहां आप आसानी से पहुंच जाएंगे।

वियतनाम

हनोई और हालोंग की खाड़ी

रक्षाबंधन के त्योहार पर घूमने के लिए भाई-बहन वियतनाम का चुनाव भी कर सकते हैं। इस देश की राजधानी हनोई अपने इतिहास के जरिए लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। साथ ही वियतनाम की हालोंग की खाड़ी अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण पर्यटकों के बीच काफी मशहूर है। ये दोनों गंतव्य यात्रा के किफायती पैकेज प्रदान करते हैं, जिससे जीवंत ओल्ड क्वार्टर और क्रूज का अनुभव करना आसान हो जाता है।

मलेशिया

कुआलालंपुर और लंगकावी

मलेशिया एक खूबसूरत देश है, जिसकी यात्रा करने के लिए आप भाई-बहनों संग जा सकते हैं। यहां आकर आप कुआलालंपुर की प्रतिष्ठित स्काईलाइन का नजारा देख सकते हैं। यहां के सुंदर शहर लंगकावी के समुद्र तट भी बेहद आकर्षक होते हैं, जहां आप विश्राम कर सकते हैं। ये गंतव्य शहरी जिंदगी और समुद्र तटीय पर्यटन का एक आदर्श मिश्रण प्रदान करते हैं। भाई की कलाई पर राखी बांधने के बाद आप उन्हें घर की बनी ये मिठाइयां खिला सकते हैं।

अजरबैजान

बाकु

अगर आप घूमने के लिए कोई ऐसा देश तलाश रहे हैं, जहां कम भीड़-भाड़ हो तो आप अजरबैजान का रुख कर सकते हैं। इस देश का सुंदर शहर बाकू आधुनिकता और परंपरा का मिश्रण प्रदान करता है। आप अपने भाई-बहनों के साथ यहां आकर फ्लेम टावर्स और मेडेन टावर जैसे स्थलों को देख सकते हैं। इसके अलावा, आप यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों और जीवंत नाइटलाइफ का भी आनंद ले सकते हैं।