सर्जरी से पहले 3 महीने तक योग करने से कम होता है तनाव का स्तर- अध्ययन
क्या है खबर?
योग एक ऐसी शारीरिक गतिविधि है, जो न केवल शरीर, बल्कि मन को भी फायदे प्रदान करती है। यह बात एक बार फिर एक अध्ययन के जरिए साबित हो गई है। इस नए अध्ययन के जरिए खुलासा किया गया है कि किसी भी सर्जरी से पहले 3 महीने तक योग करने से तनाव वाले हार्मोन का स्तर काफी हद तक कम हो सकता है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
अध्ययन
इटली में किया गया यह अध्ययन
इस अध्ययन को फ्रंटियर इन पब्लिक हेल्थ नाम की पत्रिका में प्रकाशित किया गया था।
इटली स्थित मिलान के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए इस अध्ययन में इस बात की जांच की गई कि क्या गंभीर रूप से मोटे मरीजों में सर्जरी से पहले की देखभाल के दौरान योग करने से तनाव से जुड़े हार्मोन और DNA मिथाइलेशन में कोई बदलाव आता है या नहीं।
यह जानना अहम था, ताकि सर्जरी से पहले तनाव प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सके।
जांच
इस तरह किया गया मरीजों का विश्लेषण
अध्ययन में शुरू में गंभीर रूप से मोटापे से जूझ रहे 48 वयस्कों को शामिल किया गया, जिनमें से 40 को जांच का हिस्सा बनाया गया।
योग सेशन में शामिल होने की इच्छा और उपलब्धता के आधार पर प्रतिभागियों को 2 समूह में बांटा गया, जिनमें योग ग्रुप या स्टैंडर्ड-केयर कंट्रोल ग्रुप शामिल थे।
योग ग्रुप में शामिल लोगों को सर्जरी से पहले 3 महीनों तक योग के 36 सेशन दिए गए, जो हर हफ्ते 45-60 मिनट चलते थे।
मूल्यांकन
इस तरह किया गया मूल्यांकन
एक सेशन में मूवमेंट सीक्वेंस, प्राणायाम, मंत्र और आराम करना शामिल था। अध्ययन का मूल्यांकन 3 तय समय-बिंदुओं पर किया गया: एनरोलमेंट के समय, 3 महीने के इंटरवेंशन के बाद सर्जरी से पहले और सर्जरी के 3 महीने बाद।
प्रतिभागियों की मानसिक सेहत का आकलन 3 मान्य प्रश्नावली का इस्तेमाल करके किया गया, जिनमें शॉर्ट फॉर्म-36 हेल्थ सर्वे (SF-36), बेक डिप्रेशन इन्वेंट्री-II (BDI-II) और स्टेट-ट्रेट एंग्जायटी इन्वेंट्री (STAI-Y) शामिल थे।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
विश्लेषण से पता चला कि सर्जरी से पहले कंट्रोल ग्रुप की तुलना में योग ग्रुप में प्लाज्मा नॉरएड्रेनालाईन का स्तर काफी कम था, जो सहानुभूति तंत्रिका तंत्र की सक्रियता में कमी को दर्शाता है।
योग ग्रुप में नॉरएड्रेनालाईन का स्तर थोड़ा कम हुआ, जबकि कंट्रोल ग्रुप में यह बढ़ गया। दोनों ही ग्रुप में अवसाद के लक्षण कम हुए, लेकिन योग करने वालों में औसत कमी ज्यादा थी।
योग करने वालों के तनाव हार्मोन में काफी बदलाव देखने को मिला।