त्योहारों के दौरान खाते समय इन बातों का रखें खास ध्यान, नहीं बढ़ेगा वजन
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम आते ही कई लोग अपने खान-पान के नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं और इसका मुख्य कारण है त्योहारों पर बनने वाले स्वादिष्ट व्यंजन। हालांकि, त्योहारों के दौरान खाने का मजा लेते हुए भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए आपको बस थोड़ा सावधान रहना है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिन्हें अपनाकर आप त्योहारों के दौरान भी अपने वजन को नियंत्रित रख सकते हैं।
#1
भूखे पेट न रहें
त्योहारों के दौरान देर तक भूखे रहने के बाद खाने से बचें, क्योंकि ऐसा करने से आप ज्यादा खा सकते हैं। बेहतर होगा कि आप त्योहार वाले दिन भर में थोड़ा-थोड़ा खाएं और अपने शरीर को तरल पदार्थों से हाइड्रेटेड रखें।
इससे आप ज्यादा खाने से बच सकेंगे। इसके अलावा अपने साथ कुछ फल या पोषक तत्वों से भरपूर हल्के स्नैक्स रखें, जिससे आपको भूख लगने पर अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थ खाने की इच्छा न हो।
#2
प्लेट का आकार छोटा रखें
प्लेट का आकार छोटा रखने से आप कम खा सकते हैं। इसके लिए अपनी बड़ी प्लेट की जगह छोटी प्लेट का इस्तेमाल करें।
इससे आपको खाने पर ज्यादा ध्यान देने में मदद मिलेगी और आप कम खाकर भी संतुष्ट महसूस करेंगे। इसके साथ ही जब भी आप खाने के लिए बैठें तो धीरे-धीरे खाएं और हर निवाले को अच्छी तरह चबाकर निगले।
इससे आप ज्यादा खाने से बच सकते हैं और आपका पेट भी भरा रहेगा।
#3
सेहतमंद विकल्प चुनें
त्योहारों के दौरान बनने वाले व्यंजनों में घी और तेल की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जो सेहत के लिए अच्छा नहीं होता है। ऐसे में त्योहारों पर बनने वाले व्यंजनों के सेहतमंद विकल्प चुनें।
उदाहरण के लिए, अगर त्योहार पर पूरी या पराठा बनाना हो तो इनकी जगह ओट्स या मल्टीग्रेन आटे से बनी पूरी या पराठे बनाएं। इसी तरह मिठाई के लिए गुड़ या शहद का इस्तेमाल करें।
#4
पौष्टिक चीजों को दें प्राथमिकता
त्योहारों के दौरान पौष्टिक चीजें, जैसे फल, सब्जियां, दालें और मेवे आदि जरूर खाएं। पौष्टिक चीजें खाने से आपका पेट भरा हुआ महसूस होगा और आप अधिक अस्वास्थ्यकर विकल्पों की ओर नहीं जाएंगे।
पौष्टिक चीजें खाने से आपको ऊर्जा भी मिलेगी और आप ताजगी महसूस करेंगे। इसके अलावा ये आपके शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल भी प्रदान करेंगी।
अगर आपको कुछ पीना का मन करे तो आप सॉफ्ट ड्रिंक के बजाय फलों के जूस पी सकते हैं।
#5
शारीरिक गतिविधि बनाए रखें
त्योहारों के दौरान शारीरिक गतिविधि बनाए रखना बहुत जरूरी है। इससे आपका मेटाबॉलिज्म तेज रहेगा और आप अतिरिक्त कैलोरी जला सकेंगे।
इसके लिए आप हल्की-फुल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं या फिर टहल सकते हैं। इसके अलावा आप चाहें तो अपने पसंदीदा खेल को भी खेल सकते हैं।
इस तरह आप त्योहारों का आनंद लेते हुए भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकते हैं।