क्या है जैकलीन फर्नांडिस की फिटनेस का राज? हफ्ते का रूटीन खुद बताया
क्या है खबर?
जैकलीन फर्नांडिस अपनी सुंदरता से तो लोगों को अपना मुरीद बनाती ही हैं। साथ ही उनका फिट शरीर भी लाखों महिलाओं को फिट होने की प्रेरणा देता है। सभी जानना चाहते हैं कि अभिनेत्री आखिर अपनी सेहत को बनाए रखने के लिए क्या करती हैं। इसका जवाब उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दिया है। दरअसल, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर अपना हफ्ते भर का वर्कआउट रूटीन साझा किया है। आइए इसे विस्तार से जानते हैं।
रूटीन
कैसा है जैकलीन का फिटनेस रूटीन?
जैकलीन के वर्कआउट रूटीन में कई एक्सरसाइज की विविधता शामिल हैं और वे हफ्ते के हर दिन अलग कसरत को अपनाना पसंद करती हैं। इंस्टाग्राम पर एक कैरोसेल पोस्ट करते हुए अभिनेत्री ने पूरे हफ्ते के रूटीन की झलक दिखाई।
हर दिन एक ही तरह का वर्कआउट करने के बजाय, उन्होंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, पिलाटेज, दौड़ना, डांस और दूसरी तरह की एक्सरसाइज को शामिल किया।
अपनी पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "एक हफ्ते की कसरत।"
एक्सरसाइज
वर्कआउट रूटीन में शामिल ये एक्सरसाइज
जैकलीन के वर्कआउट के पहले दिन, यानि सोमवार को वह निचले शरीर की कसरत करती दिखीं। इससे पैरों और निचले शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं।
मंगलवार की सुबह वह मुंबई के मरीन ड्राइव पर दौड़ लगातीं और स्ट्रेचिंग करती नजर आईं। बुधवार को उन्होंने पैडल कोर्ट में यह खेल खेलते हुए पसीना बहाया और गुरुवार को पिलाटेज के जरिए कोर पर काम किया।
शुक्रवार को वह ऊपरी शरीर की कसरत करती दिखीं और शनिवार को डांस करके कसरत की।
अन्य एक्सरसाइज
पोल वर्कआउट भी पसंद करती हैं जैकलीन
पूरे हफ्ते मेहनत करने के बाद हफ्ते के आखरी दिन, यानि रविवार को जैकलीन घर पर कसरत करती दिखाई दीं। इसके मजेदार वीडियो में वह अपनी पालतू बिल्ली के पीछे-पीछे भागते हुए नजर आईं।
बता दें कि जैकलीन अपने रूटीन में पोल वर्कआउट भी शामिल करती हैं, जिससे जुड़े वीडियो वह पहले साझा कर चुकी हैं। इसके जरिए न केवल उनका वजन नियंत्रित रहता है, बल्कि उनका लचीलापन, समन्वय और ताकत भी बढ़ती है।