मेवे खाने से 20 प्रतिशत तक घट सकता है ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा- अध्ययन
क्या है खबर?
मेवों के स्वास्थ्य लाभों से तो सभी वाकिफ हैं और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी उन्हें डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। अब एक अध्ययन से सामने आया है कि अगर आप रोजाना मेवे खाएंगे तो आपका ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा 20 प्रतिशत तक कम हो सकता है। हाई ब्लड प्रेशर दुनियाभर में 140 करोड़ से ज्यादा लोगों को प्रभावित करता है। ऐसे में यह अध्ययन इस स्वास्थ्य समस्या को प्रबंधित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
अध्ययन
लंदन और नॉर्वे के शोधकर्ताओं ने किया अध्ययन
इस अध्ययन को इंपीरियल कॉलेज लंदन और नॉर्वे की कैंसर रजिस्ट्री के वैज्ञानिकों की एक टीम ने पूरा किया है। इसे 'ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन' में प्रकाशित किया गया था।
इसके लिए 1.43 लाख से ज्यादा लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया था। शोध से पता चलता है कि जो लोग रोजाना मुट्ठी भर मेवे खाते हैं, उनमें हाई ब्लड प्रेशर होने का खतरा काफी हद तक कम होता है।
शोध
मेटा-विश्लेषण से पूरा किया गया अध्ययन
नया प्रयोग करने के बजाय, शोधकर्ताओं ने 'मेटा-विश्लेषण' किया, जिसमें पहले से मौजूद अध्ययनों को इकट्ठा करना और उनके परिणामों का विश्लेषण करना शामिल होता है।
उन्होंने अप्रैल 2026 की शुरुआत तक प्रकाशित अध्ययनों के 2 प्रमुख चिकित्सा डेटाबेस खंगाले। उनका ध्यान ऐसे शोध पर था, जिसमें लंबे समय तक वास्तविक लोगों पर नजर रखी गई और यह देखा गया कि उनकी आदतों के आधार पर उनके स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ा।
जांच
इस तरह की गई जांच
इस अध्ययन के लिए 8 पुराने अध्ययन चुने गए। सभी में कुल मिलाकर 1.43 लाख प्रतिभागी हुए, जिनकी उम्र 18 से 87 वर्ष के बीच थी। इनमें हाई ब्लड प्रेशर के 20,665 मामले शामिल थे।
6 अध्ययनों में पुरुष और महिलाएं, दोनों शामिल थे, जबकि 2 में केवल पुरुष थे। मेवों और ब्लड प्रेशर के बीच के संबंध को मापने के लिए शोधकर्ताओं ने उन लोगों की तुलना की, जो सबसे ज्यादा और सबसे कम मेवे खाते थे।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
अध्ययन से सामने आया कि जो लोग सबसे ज्यादा मात्रा में मेवे खाते थे, उनमें सबसे कम मात्रा में मेवे खाने वालों की तुलना में हाई ब्लड प्रेशर का खतरा 16 प्रतिशत कम था।
रोजाना 28 ग्राम मेवे खाने से इस खतरे में 20 प्रतिशत की कमी देखी गई। अध्ययन के मुताबिक, रोजाना कुछ भी न खाने की तुलना में लगभग 30 ग्राम मेवे खाने वाले लोगों का हाई ब्लड प्रेशर 26 प्रतिशत तक कम हुआ, जो सबसे ज्यादा है।