चिलचिलाती गर्मी को मात देने के लिए करें ताड़गोले का सेवन, इससे बनाएं ये रिफ्रेशिंग व्यंजन
क्या है खबर?
ताड़गोला गर्मियों में मिलने वाला पौष्टिक और रसभरा फल होता है, जिसे आइस एप्पल भी कहा जाता है। यह ताड़ के पेड़ पर उगने वाला फल है, जो दिखने में जेली जैसा लगता है।
इसका स्वाद मीठा होता है और यह शरीर को ताजगी प्रदान करता है। इसे खान-पान में शामिल करने से पाचन दुरुस्त रहता है, शरीर हाइड्रेटेड रहता है, प्रतिरक्षा मजबूत होती है और ठडंक मिलती है।
चलिए ताड़गोले से बनने वाले 5 व्यंजनों की रेसिपी जानते हैं।
#1
आम और ताड़गोले की बासुंदी
बासुंदी महाराष्ट्र की पारंपरिक मिठाई है, जो खीर जैसी होती है। आप इसमें आम और ताड़गोला डाल कर इसकी ताजगी और मिठास को बढ़ा सकते हैं।
इसके लिए एक कटोरे में दूध उबालें और उसमें केसर और कंडेंस्ड दूध मिलाएं। जब इसकी स्थिरता गाढ़ी हो जाए तब इसमें आम की पियूरी और सब्जा के बीज शामिल करें।
कटोरी या गिलास में पहले ताड़गोले और आम के टुकड़े डालें, फिर ऊपर से बासुंदी डालें और ठंडा करके परोसें।
#2
ताड़गोले का शेक
ताड़गोले में 90 प्रतिशत पानी होता है, जिस कारण इसे पीने से गर्मी दूर हो जाती है। आप इसका शेक बनाकर अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं, जो पेट को ठंडक प्रदान करेगा।
सबसे पहले ताड़गोले को छीलकर काट लें और चीनी के साथ मिक्सी में पीस लें। अब इसमें सब्जा के बीज और गुलाब का शरबत डालकर पीसें।
अंत में इसमें दूध और बर्फ मिलाएं और पीसने के बाद मेवों से सजाकर परोसें।
#3
नंगू पायसम
नंगू पायसम एक दक्षिण भारतीय मिठाई है, जो खास तौर से केरल में प्रसिद्ध है। इसके लिए ताड़गोले यानि नंगू को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
इसके बाद भीगे हुए बादाम और इलायची को पीसकर उनका पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को दूध में मिलाएं और गाढ़ा होने तक पका लें।
अब इसमें केसर और चीनी डालकर मिलाएं और उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें। इसमें ताड़गोले के टुकड़े डालें और रातभर फ्रिज में ठंडा करके खाएं।
#4
ताड़गोले और जामुन का शरबत
गर्मी में शरबत पीना तो सभी को पसंद होता है, लेकिन इसमें ताड़गोले की मिठास जुड़ जाए तो मजा दोगुना हो जाता है। इसके लिए सबसे पहले जामुन को कुटनी में पीसकर उनका पल्प बना लें।
इसके बाद ताड़गोले को छीलकर काटें और मिक्सी में पीस लें। एक गिलास में नींबू का रस, काला नमक, बर्फ, जामुन का पल्प और ताड़गोले का रस डालें।
आप चाहें तो इसे पतला करने के लिए इसमें पानी भी मिला सकते हैं।
#5
ताड़गोले और तरबूज का सलाद
गर्मी में दिन के वक्त गर्म के बजाय ठंडा खाना खाने का मन करता है। ऐसे में फलों वाले सलाद का सेवन करना सही निर्णय हो सकता है, जिनके जरिए शरीर को ताजगी मिल जाती है।
आप खाने के समय ताड़गोले और तरबूज का ताजगी भरा सलाद बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए दोनों फलों को टुकड़ों में काटें।
अब इनके ऊपर नींबू का रस, चाट मसाला, फेटा चीज और पुदीने के पत्ते डालकर खाएं।