
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025: अपनी दिनचर्या में शामिल करें ये योगासन, रहेंगे फिट
क्या है खबर?
हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को योग के महत्व और स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव के बारे में जागरूक करना है। योग एक प्राचीन भारतीय अभ्यास है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है। आइए आज हम आपको पांच ऐसे योगासनों के बारे में बताते हैं, जिनका नियमित अभ्यास आपको फिट एंड फेब बॉडी देने में मदद कर सकता है।
#1
वृक्षासन
वृक्षासन संतुलन और ध्यान बढ़ाने वाला योगासन है। इसे करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं, फिर बाएं पैर को दाएं जांघ पर रखें। अब हाथों को सिर के ऊपर ले जाते हुए दोनों हथेलियों को आपस में जोड़ें। इस दौरान शरीर का संतुलन बनाए रखें। कुछ देर इसी अवस्था में रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं। यह आसन रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है और संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
#2
भुजंगासन
भुजंगासन पीठ को मजबूत करने के लिए बेहतरीन योगासन माना जाता है। इसे करने के लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं, फिर अपने हाथों को अपने कंधों के बराबर रखें और धीरे-धीरे सिर और छाती को उठाएं। इस दौरान अपने हाथों पर दबाव डालें ताकि आपकी पीठ पूरी तरह से मुड़ सके। कुछ देर इसी अवस्था में रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं। यह शरीर को लचीला बनाता है और पीठ दर्द में आराम देता है।
#3
वीरभद्रासन
वीरभद्रासन संतुलन और सहनशक्ति बढ़ाने वाला योगासन है। इसे करने के लिए पैरों को फैलाकर खड़े हो जाएं, फिर एक पैर को आगे की तरफ मोड़ें और दूसरे को पीछे की तरफ। अब अपने हाथों को कंधे की सीध में फैलाएं और दोनों हाथों की उंगलियों को जोड़ते हुए सिर के ऊपर ले जाएं। कुछ देर इसी अवस्था में रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं। यह शरीर की सहनशक्ति को बढ़ाता है और संतुलन में सुधार करता है।
#4
अधोमुख श्वानासन
अधोमुख श्वानासन पाचन क्रिया के लिए बहुत फायदेमंद योगासन है। इसे करने के लिए सबसे पहले वज्रासन की मुद्रा में बैठ जाएं, फिर हाथों को आगे फैलाकर घुटनों को जमीन पर टिकाते हुए गहरी सांस लेते हुए कमर को ऊपर उठाएं। इस अवस्था में शरीर का पूरा भार हाथों और पैरों पर होना चाहिए। कुछ मिनट इसी अवस्था में रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं। यह आसन शरीर की मांसपेशियों को मजबूत कर सकता है।
#5
बालासन
बालासन तनाव से राहत दिलाने वाला योगासन है। इसके लिए सबसे पहले वज्रासन की मुद्रा में बैठें और गहरी सांस लेते हुए हाथों को ऊपर उठाएं। अब सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे आगे की ओर झुककर माथे को जमीन से सटाएं। इस अवस्था में दोनों हाथ सामने, माथा जमीन से टिका हुआ और छाती जांघों पर रहेगी। कुछ सेकंड इसी मुद्रा में रहकर सामान्य रूप से सांस लेते रहें। इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।