गर्मी में तरबूज से बनाएं ये 5 स्वादिष्ट और ठंडे पेय, शरीर में आ जाएगी ताजगी
क्या है खबर?
गर्मियों में तरबूज खाना सभी को पसंद होता है, क्योंकि यह फल 92 प्रतिशत पानी से बना होता है।
इसे खान-पान का हिस्सा बनाने से पेट को ठंडा रखा जा सकता है और गर्मी से छुटकारा पाया जा सकता है।
शाम के समय आपको इस फल के ठंडे-ठंडे पेय बनाकर पीने चाहिए, जो शरीर को तारो-ताजा कर देंगे।
आइए आज के लेख में तरबूज से बनने वाले 5 स्वादिष्ट पेय पदार्थों की रेसिपी जानते हैं।
#1
तरबूज और बेरी वाली मॉकटेल
तरबूज के मीठे स्वाद और स्ट्रॉबेरी जैसी बेरी के खट्टे स्वाद को मिलाकर आप बेहद लजीज मॉकटेल तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक लंबा गिलास लें और उसमें नींबू और पुदीने के पत्तों को कूट लें।
अब इसमें बर्फ डालें और स्ट्रॉबेरी और ब्लूबेरी सिरप शामिल कर दें। इसके बाद इसमें ताजा तरबूज का जूस डालें और नींबू निचोड़कर अच्छी तरह मिला लें।
ऊपर से सोडा या कोल्ड ड्रिंक डालकर ठंडा परोसें।
#2
मोहब्बत का शरबत
दिल्ली में मिलने वाला मोहब्बत का शरबत अब देशभर में मशहूर हो रहा है। इसे बनाने के लिए आपको तरबूज, दूध, गुलाब के सिरप और बर्फ की जरूरत पड़ेगी।
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में ठंडा दूध लें और उसमें गुलाब का शरबत मिला दें। इसमें ढेर सारी बर्फ डालें और उसे अच्छी तरह पिघलकर घुल जाने दें।
अब तरबूज को बहुत छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर दूध में मिला दें। इसे गिलास में निकालें और मजे से पिएं।
#3
तरबूज और गुलाब का शरबत
अगर आपको दूध पीना पसंद नहीं है तो आप तरबूज और गुलाब का ताजगी देने वाला शरबत भी बना सकते हैं। इसे बनाना सबसे आसान होता है और इसमें चंद मिनटों का ही समय लगता है।
सबसे पहले कांच के गिलास में गुलाब का शरबत डालें। इसके बाद इसमें नींबू निचोड़ें और काला नमक मिला दें। अंत में इसमें तरबूज का जूस मिलाएं और बर्फ डालकर ठंडा परोसें।
आप तरबूज के छिलके से ये स्वादिष्ट भारतीय व्यंजन बना सकते हैं।
#4
तरबूज और ताड़गोले का शरबत
गर्मी में ताड़गोला खाना भी एक अच्छा निर्णय हो सकता है, क्योंकि यह भी ठंडक प्रदान करता है। तरबूज और ताड़गोले का शरबत बनाने के लिए तरबूज को कुटनी में पीसकर उनका पल्प बना लें।
इसके बाद ताड़गोले को छीलकर काटें और मिक्सी में पीस लें। एक गिलास में नींबू का रस, काला नमक, बर्फ, तरबूज का पल्प और ताड़गोले का रस डालें।
आप चाहें तो इसे पतला करने के लिए इसमें पानी भी मिला सकते हैं।
#5
तरबूज की शिकंजी
गर्म महीनों में शिकंजी पीना सभी को पसंद होता है और उसमें तरबूज की मिठास मिल जाए तो मजा दोगुना हो जाता है। इसके लिए गोंद कटीरा को पानी में भिगोकर रख दें।
इसमें प्राकृतिक शीतलन गुण होते हैं, जो पेट को ठंडा रखते हैं। अब तरबूज, पुदीने के पत्ते और नींबू का रस डालकर पीस लें।
एक गिलास में गोंद कटीरा, बर्फ, पुदीने के पत्ते, काला नमक, चीनी, चाट मसाला और तरबूज का जूस डालकर मिलाएं और पी जाएं।