
गर्मियों में खाने के लिए बेहतरीन फल है खरबूजा, जानिए इसके सेवन से मिलने वाले फायदे
क्या है खबर?
गर्मियों में खरबूजे का सेवन करना लाभदायक माना जाता है क्योंकि यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है।
इसके अतिरिक्त खरबूजे में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं।
यही नहीं, खरबूजे का सेवन त्वचा और बालों के लिए भी लाभदायक है।
आइए जानते हैं कि रोजाना एक कटोरी खरबूजे का सेवन करने से क्या-क्या स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं।
#1
पाचन क्रिया को स्वस्थ रखने में है सहायक
खरबूजे में विटामिन-B1, विटामिन-B6, फोलेट और पोटेशियम जैसे खनिज मौजूद होते हैं, जो पाचन क्रिया को सुधारने में काफी मदद कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट गुण पाचन क्रिया को स्वस्थ रखने में सहायक हो सकते हैं।
अगर किसी कारण से पाचन क्रिया प्रभावित हो जाए तो रोजाना सुबह खाली पेट खरबूजे का सेवन करने से सुधार हो सकता है।
#2
रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने में है प्रभावी
खरबूजे का सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने में काफी मदद कर सकता है।
यह रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने के साथ-साथ पुरानी बीमारियों से लड़ने की शक्ति भी प्रदान कर सकता है।
बता दें कि इसमें मौजूद विटामिन-C और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने में मदद कर सकते हैं।
इसके अलावा खरबूजे में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण शरीर में किसी भी प्रकार की सूजन को कम करने में सहायक हो सकते हैं।
#3
हृदय को स्वस्थ रखने में है कारगर
खरबूजे का सेवन हृदय को स्वस्थ रखने में काफी मदद कर सकता है।
इसमें फ्लेवोनोइड्स, फेनोलिक्स और कैरोटीन जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो एंटी-ऑक्सीडेंट की तरह कार्य करके हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक हो सकते हैं।
इसके अलावा इसमें मौजूद पोटेशियम धमनियों और नसों में तनाव को कम करने में मदद कर सकता है, जिससे रक्त प्रवाह में सुधार होता है और ब्लड प्रेशर का स्तर भी नियंत्रित रहता है।
#4
वजन घटाने में है सहायक
जो लोग वजन घटाने की कोशिश में लगे हैं, उनके लिए भी खरबूजे का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद पानी और कम कैलोरी की मात्रा इसे एक आदर्श आहार बनाती है।
इसके अतिरिक्त इसमें फाइबर की उच्च मात्रा होती है, जो लंबे समय तक पेट को भरा हुआ महसूस करवा सकती है, जिससे बार-बार खाने की इच्छा कम होती है और अनहेल्दी स्नैकिंग से बचा जा सकता है।
#5
त्वचा के लिए है फायदेमंद
खरबूजे में बीटा-कैरोटीन नाम का एंटी-ऑक्सीडेंट मौजूद होता है, जो त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद होता है।
बीटा-कैरोटीन में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट गुण त्वचा की कोशिकाओं को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं।
इसके अलावा खरबूजे में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं।