LOADING...
उत्तर भारत में अंधड़-बारिश से थमा प्रचंड़ गर्मी का दौर, 19 राज्यों में अलर्ट जारी
उत्तर भारत में आज भी अंधड़-बारिश का दौर जारी रहेगा

उत्तर भारत में अंधड़-बारिश से थमा प्रचंड़ गर्मी का दौर, 19 राज्यों में अलर्ट जारी

May 04, 2026
09:05 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत के कई राज्यों में अंधड़-बारिश के कारण मौसम बिगड़ा हुआ है। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं तूफानी हवाएं जानलेवा साबित हो रही हैं। राजस्थान में अंधड़ के कारण हुए हादसों में रविवार को 3 लोगों की मौत हो गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 19 राज्यों में बारिश और आंधी चलने की चेतावनी जारी की है।

राहत 

दिल्ली में हुई राहत की बारिश 

दिल्ली समेत NCR इलाके में रविवार के बाद सोमवार सुबह हुई बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने 4 मई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 5 मई को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 6 मई तक बारिश होने का अनुमान है, वहीं उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

ओलावृष्टि 

पहाड़ी राज्यों में गिरेंगे ओले

जम्मू-कश्मीर में 5 मई तक, हिमाचल प्रदेश में 7 मई और उत्तराखंड में 8 मई तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान ओले गिरने के साथ 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में रविवार को भूस्खलन के बाद बारामूला-उरी नेशमल हाइवे बंद कर दिया गया। त्रिपुरा में 3 दिनों से हो रही भारी बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है और अगले 7 दिनों तक ऐसा ही माैसम रहेगा।

Advertisement

गर्मी 

इन राज्यों में चलेगी लू

एक तरफ बदले मौसम के कारण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ तेलंगाना के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है। यहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। हैदराबाद को छोड़कर बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर है। तमिलनाडु में आज से भीषण गर्मी का दौर 'अग्नि नचतिरम' शुरू होगा, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में तीव्र वृद्धि होने की संभावना है। कई जिलों में लू जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

Advertisement