शिलांग में भड़की हिंसा: असम की गाड़ियां तोड़ीं, सड़कें ठप; टैक्सी सेवाएं बंद
रविवार को शिलांग में हुई एक छात्र रैली हिंसक हो गई, जिसके बाद असम और मेघालय के बीच आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। इस हिंसा में असम नंबर वाली कई गाडियों को तोड़फोड़ का शिकार होना पड़ा और कई लोग घायल भी हुए।
इसी के चलते, जोरबात बॉर्डर पर टैक्सी ड्राइवरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने सडकों पर जाम लगाकर मेघालय जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
सीमा पार टैक्सी सेवाएं बंद
बढ़ते तनाव को देखते हुए दोनों राज्यों के बीच चलने वाली टैक्सी सेवाओं को फिलहाल रोक दिया गया है। इसकी वजह से बहुत से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है, खासकर उन लोगों को जो गुवाहाटी और शिलॉन्ग के बीच रोजाना सफर करते हैं।
यह पहली बार नहीं है जब दोनों राज्यों के बीच इस तरह का तनाव देखने को मिला है। पिछले साल भी मेघालय के टैक्सी संगठनों ने असम की टूरिस्ट गाडियों को अपने यहां आने से रोकने की कोशिश की थी। इस कारण जोरबात में लंबा जाम लग गया था और आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।