देहरादून में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने फांसी लगाई, दोबारा से देनी थी परीक्षा
क्या है खबर?
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा ने मंगलवार को अपने घर पर आत्महत्या कर ली। छात्रा की पहचान 23 वर्षीय रिया कुमारी के रूप में हुई है। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के चंद्रमणि कॉलोनी में रहने वाली रिया काफी साल से NEET की तैयारी कर रही थी, लेकिन परीक्षा में सफल नहींं हो रही थी। उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है।
आत्महत्या
21 जून को देनी थी परीक्षा
पुलिस ने बताया कि छात्रा के पास से मिले सुसाइड नोट में "आई लव यू मम्मी-पापा" लिखा है और पढ़ाई में सफलता न मिलने से अपनी हताशा को बताया है। उसने आत्महत्या की जिम्मेदारी ली है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को उसके परिजन कमरे में पहुंचे तो रिया पंखे के सहारे फांसी से लटकी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। बताया जा रहा है कि पेपर-लीक के बाद रिया को 21 जून को फिर NEET परीक्षा देनी थी।
घटना
सोमवार को सीकर में एक छात्र ने जान दी
रिया से एक दिन पहले राजस्थान के सीकर में 22 वर्षीय NEET अभ्यर्थी उमेश माली ने अपनी जान दे दी। वह उद्योग नगर थाना क्षेत्र में अपनी बड़ी बहन, छोटे भाई और मां के साथ फ्लैट में रहकर काफी समय से NEET की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसे 21 जून को परीक्षा देनी थी, लेकिन उससे पहले अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।