उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से मौत पर दर्ज होगा हत्या का मुकदमा, योगी के आदेश
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही राहगीरों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने हादसे में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। पिछले दिनों लखनऊ में एक 33 वर्षीय युवक की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी ने गुरुवार को पुलिस अफसरों और अधिकारियों को बुलाया था। उन्होंने तत्काल प्रभाव से चाइनीज मांझे पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं और जिलेवार छापामारी करने को कहा है।
आदेश
योगी ने पूछा- कैसे बिक रहा चाइनीज मांझा
मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस अधिकारियों से पूछा कि चाइनीज मांझे पर रोक होने के बावजूद यह खुले बाजारों में कैसे बिक रहा है। उन्होंने इस पर तुरंत रोक लगाने को कहा है। साथ ही, पुलिस से मांझा बेचने वाले अवैध नेटवर्क का पता लगाकर दोषियों को जेल भेजने और मांझे से किसी की मौत पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझे का इस्तेमाल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है, पुलिस तुरंत सघन अभियान चलाए।
घटना
उत्तर प्रदेश में एक साल में गई कई लोगों की जान
उत्तर प्रदेश में पिछले साल चाइनीज मांझे की चपेट में आकर कई लोगों की जान गई थी। हालिया घटनाओं की बात करें तो बुधवार को लखनऊ के हैदरगंज ओवरब्रिज पर चिकित्सा प्रतिनिधि मोहम्मद शोएब की मौत हो गई थी। जौनपुर में डॉक्टर समीर हाशमी, शाहजहांपुर में रवि शर्मा और कांस्टेबल शाहरुख हसन, अलीगढ़ में सलमान और गोरखपुर में अमित गुप्ता की जान गई थी। सभी लोगों की सड़क पर वाहन से जाते समय चाइनीज मांझे में गर्दन फंसी थी।
खतरा
बड़ा खतरनाक है चाइनीज मांझा, कैसे बचें?
चाइनीज मांझा को प्लास्टिक या सिंथेटिक मांझा भी कहते है। यह पारंपरिक सूती मांझे की अपेक्षा बेहद तेज और खतरनाक है। यह नायलॉन, पॉलिएस्टर या अन्य सिंथेटिक प्लास्टिक से बनता है। ये मांझा इतना महीन होता है कि आंखों से दिखता नहीं है। मांझे से शहरों में घने इलाकों में पतंग उड़ाते हैं। अगर वाहन चालक ओवरब्रिज या सड़कों से निकले तो गर्दन को मोटे कपड़े से लपेटकर निकलें और हेलमेट जरूर पहनें। बच्चों को बाइक पर आगे न बैठाएं।