LOADING...
उत्तर प्रदेश: एक और NEET छात्र ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव
उत्तर प्रदेश में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने आत्महत्या कर ली

उत्तर प्रदेश: एक और NEET छात्र ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव

Jun 20, 2026
02:29 pm

क्या है खबर?

NEET-UG परीक्षा के दबाव में छात्रों के आत्महत्या करने का सिलसिला थम ही नहीं रहा है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। यह जघन्य कदम उठाने से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत की वजह बयां की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

असफलता

परीक्षा की असफलता के कारण छात्र ने उठाया यह कदम

यह घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्र लंबे समय से NEET परीक्षा पास करने की कोशिश कर रहा था। लगातार कई प्रयासों के बाद भी सफलता न मिलने से वह बेहद तनाव में था। गुरुवार की रात वह रोजाना की तरह अपने कमरे में पढ़ने के लिए गया था। अगली सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा, जहां उसका शव फंदे से लटका मिला।

वीडियो

छात्र ने आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो

घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए। इस दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन में एक वीडियाे मिला, जिसे उसने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने कहा कि वह कई प्रयासों के बाद भी NEET परीक्षा पास नहीं कर पाया, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में था। वीडियो में उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है।

Advertisement

जानकारी

आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

Advertisement