क्या भारत ने अमेरिकी विदेश मंत्री के सामने उठाया ईरान युद्ध में पाकिस्तानी मध्यस्थता का मुद्दा?
क्या है खबर?
भारत के 4 दिवसीय दौरे पर आए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार को आगरा का ताजमहल देखने पहुंचे हैं। इस दौरान दिल्ली से रवाना होने से पहले उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय पक्ष ने अमेरिका-ईरान संघर्ष में पाकिस्तान की मध्यस्थ की भूमिका को लेकर कोई चिंता जताई है? इस पर रुबियो ने कहा कि नई दिल्ली ने इस संबंध में कभी कोई चर्चा नहीं की है।
बयान
मुझे नहीं लगता भारत कोई शिकायत करेगा- रुबियो
रुबियो ने कहा, "भारत हमेशा इस बात की ओर इशारा करता रहा है और चिंतित रहता है कि पाकिस्तान की जमीन से आतंकवादी गुट काम कर रहे हैं, जो भारत को निशाना बनाते हैं। लेकिन जहां तक ईरान के मामले में उनकी मध्यस्थ और सूत्रधार की भूमिका का सवाल है, तो इस पर कभी कोई बात नहीं हुई। मुझे नहीं लगता कि वे इस बारे में कोई शिकायत करेंगे। मेरा मतलब है, पाकिस्तान के साथ उनका मुद्दा कुछ और है।"
बयान
भारत के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी पर क्या बोले रुबियो?
रुबियो ने सोमवार को अमेरिका में भारतीयों को निशाना बनाकर की जा रही नस्लवादी टिप्पणियों पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, "असल बात यह है कि आधुनिक युग में, आप ऑनलाइन जाते हैं, और वहां लोग तरह-तरह की अजीब बातें कहते हैं। मुझे यह भी नहीं पता कि वे असली लोग हैं या कौन हैं।" उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठे सवाल का जिक्र कर कहा कि उन्होंने पत्रकार को संबंधित घटना बताने का मौका दिया था, लेकिन उन्होंने नहीं बताया।