भारत में आधे बच्चे भी नहीं पूरी कर पा रहे स्कूली पढ़ाई, यूनेस्को की रिपोर्ट में हुआ खुलासा
यूनेस्को (UNESCO) के 2026 SDG 4 स्कोरकार्ड के मुताबिक, भारत शिक्षा पर खर्च करने के मामले में बस न्यूनतम जरूरतें ही पूरी कर पा रहा है। देश अपने सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का 4.1 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च कर रहा है, जो कि 4 प्रतिशत के न्यूनतम लक्ष्य से बस थोड़ा ही ज्यादा है, लेकिन, अब सरकार अपने कुल खर्च का केवल 14.2 प्रतिशत ही शिक्षा पर लगा रही है, जो 15 प्रतिशत के तय मानक से कम है। यह 2015 के 15.7 प्रतिशत से भी कम है। इससे साफ पता चलता है कि भारत इस लक्ष्य के करीब आने के बजाय, इससे और दूर होता जा रहा है।
स्कूलों में पढ़ाई पूरी करने की दर भी कम
भारत में स्कूलों में पढ़ाई पूरी करने की दर भी उम्मीद के मुताबिक नहीं है। देश में उच्च प्राथमिक स्तर की पढ़ाई 86 प्रतिशत बच्चे ही पूरी कर पाते हैं, जबकि इसका लक्ष्य 99 प्रतिशत है। वहीं, उच्च माध्यमिक स्तर की पढ़ाई केवल 51 प्रतिशत बच्चे ही पूरी कर पाते हैं, जबकि यहां 84 प्रतिशत का लक्ष्य रखा गया है। वैश्विक स्तर पर भी ज्यादातर देश यूनेस्को के इन दोनों ही मानकों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कुल 205 देशों में से सिर्फ 39 ही इन्हें पूरा कर पाए हैं।