मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी की जान लेने वाली तुर्की जिगाना पिस्तौल से टाइगर श्रॉफ पर हमला
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी से जुड़ी जांच में एक नई जानकारी सामने आई है। मुंबई पुलिस ने तुर्की में बनी एक जिगाना पिस्तौल और एक देसी बंदूक बरामद की है। बताया जा रहा है कि इस्तेमाल हमले में किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तुर्की की जिगाना पिस्तौल का उपयोग लॉरेंस बिश्नोई गिरोह पहले भी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला समेत कुछ लोगों को निशाना बनाने के लिए कर चुका है।
जांच
सूरत रेलवे स्टेशन के पास हुए बरामद
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, मुंबई पुलिस हथियारों का पता लगाने के लिए गिरफ्तार शूटरों को गुजरात के सूरत ले गई थी। शूटरों ने रेलवे स्टेशन के आसपास हथियार फेंके थे।
यहां करीब 8 से 10 घंटे छानबीन के बाद पुलिस को एक देसी पिस्तौल और एक जिगाना पिस्तौल मिली। साथ ही 10 जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
इनको कलीना फोरेंसिक साइंस लैब भेजा गया, ताकि यह पता चल सके कि इनका अपराध में उपयोग हुआ था या नहीं।
जांच
देसी पिस्तौल हुई थी जाम
पुलिस ने बताया कि शूटरों में से एक ने श्रॉफ की कार की साइड विंडो की तरफ फायर की कोशिश की, तो देसी पिस्टल जाम हो गई थी।
पुलिस ने हरियाणा के 22 साल के इंजीनियरिंग छात्र प्रांजल ठाकरान के रूप में 11वें आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है, जो हथियार आपूर्ति से जुड़ा है।
जांच अब हथियार, ट्रांसपोर्टेशन और लॉजिस्टिक सपोर्ट नेटवर्क तक पहुंच गई है, जिसमें पुलिस हर हथियार की भूमिका भी पता करेगी।
हथियार
इन हत्याकांड में भी इस्तेमाल हुई है जिगाना पिस्तौल
रिपोर्ट के मुताबिक, जिगाना पिस्तौल का मई 2022 में मूसेवाला की हत्या में उपयोग किया गया था। हत्या की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी।
इसके बाद अप्रैल 2023 में उत्तर प्रदेश के माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या भी इसी पिस्तौल से हुई।
अक्टूबर 2024 में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जियाउद्दीन बाबा सिद्दीकी की हत्या में भी इसी तुर्की हथियार का इस्तेमाल किया गया था।
सलमान खान के घर पर देसी पिस्तौल से गोलीबारी हुई थी।
जानकारी
जिगाना पिस्तौल क्या है?
इसे तुर्की की हथियार निर्माता टिसस कंपनी बनाती है। यह सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल है, जिसे हर गोली के बाद हाथ से दोबारा लोड करने की जरूरत नहीं होती। इसकी मैग्जीन में 15 गोलियों की क्षमता है। ये अमेरिका, तुर्की, मलेशिया, अजरबैजान, फिलीपींस में उपयोग होती है।