9,450 करोड़ रुपये की लागत से भारतीय रेलवे का कायापलट, 4 नई परियोजनाओं को मंजूरी
भारतीय रेल के लिए एक अहम खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने हाल ही में 4 नए मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है, जिनकी कुल लागत लगभग 9,450 करोड़ रुपये आएगी। इन प्रोजेक्ट्स से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में करीब 410 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए जाएंगे।
इनका मुख्य मकसद रेल यात्रा को और सुगम बनाना और ट्रेनों की आवाजाही में होने वाली देरी या भीड़भाड़ को कम करना है।
76 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई हो सकेगी
इन अपग्रेड से ट्रेनें हर साल करीब 76 मिलियन टन ज्यादा माल ढो पाएंगी। साथ ही, लगभग 6,448 गांवों को रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसका सीधा फायदा लगभग 60 लाख लोगों को मिलेगा।
यह पहल पर्यावरण के लिए भी काफी अच्छी मानी जा रही है। इससे करीब 13 करोड़ लीटर तेल की बचत होगी, और कार्बन उत्सर्जन में इतनी कमी आएगी जितनी 2.6 करोड़ पेड़ लगाने से होती है। इसके अलावा, बेहतर रेल कनेक्टिविटी होने से भितरकनिका नेशनल पार्क और पुलीकट लेक जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों तक पहुंच बनाना भी आसान हो जाएगा।