तेलंगाना का मेगा तोहफा: 100 दिन में 6,000 करोड़ रुपये, कर्मचारियों के लिए मुफ्त हेल्थ कार्ड भी
तेलंगाना के सरकारी कर्मचारियों को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एक बड़ी राहत दी है। उन्होंने ऐलान किया है कि राज्य सरकार अगले 100 दिनों के भीतर 6,000 करोड़ रुपये के लंबित रिटायरमेंट बेनिफिट्स का भुगतान कर देगी।
कांग्रेस सरकार का यह कदम लंबे समय से अटके मुद्दों को सुलझाने और रिटायर हुए उन कर्मचारियों को राहत देने के लिए उठाया गया है, जिनके 2023 से पहले के दावे अभी तक बकाया थे। हालांकि, कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही इनमें से कई मामलों को निपटाने का काम चल रहा था, जिसे अब तेजी से पूरा किया जाएगा।
रेवंत रेड्डी ने पे रिवीज़न की प्रक्रिया तेज करने को कहा
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पे रिवीजन पैनल को भी काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है, ताकि कर्मचारियों की बाकी मांगों पर भी जल्द से जल्द ध्यान दिया जा सके।
GST कलेक्शन में बढ़ोतरी के चलते राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। इसी को देखते हुए अब सभी सरकारी कर्मचारियों को जून 2026 तक मुफ्त हेल्थ कार्ड देने का भी फैसला किया गया है। मौजूदा सरकार सत्ता में आने के बाद से ही पिछली सरकारों के अधूरे वादों और बकाया पड़े कामों को पूरा करने में जुटी है।