तेलंगाना में 1 करोड़ से अधिक परिवारों को मिले धांधली मुक्त स्मार्ट PVC राशन कार्ड
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने राज्य के 1.05 करोड़ योग्य परिवारों के लिए स्मार्ट PVC राशन कार्ड लॉन्च किए हैं। ये नए PVC कार्ड वॉटरप्रूफ हैं और इनमें एनक्रिप्टेड QR कोड दिया गया है। इन कार्डों में नकल रोकने के लिए सुरक्षा के 9 खास उपाय शामिल किए गए हैं। इससे अब लोगों के लिए राशन लेना पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
टी-राशन ऐप OTP के जरिए कार्ड एक्टिवेशन
हर स्मार्ट कार्ड पर धारक का नाम, पता और फोटो होगा। QR कोड में परिवार से जुड़ी सारी जानकारी और उनके राशन का पिछला रिकॉर्ड दर्ज होगा। इन कार्डों का इस्तेमाल करने के लिए किसी भी सस्ते राशन की दुकान पर इसे स्कैन करना होगा या कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद परिवार के किसी भी पात्र सदस्य की बायोमेट्रिक पहचान से इसे सत्यापित किया जा सकेगा। कार्ड को सक्रिय करने के लिए टी-राशन ऐप डाउनलोड करना होगा, OTP के जरिए कार्ड को लिंक करना होगा और अतिरिक्त सुरक्षा के लिए एक M-पिन सेट करना होगा। पिछले साल से अब तक 16.32 लाख से ज्यादा नए खाद्य सुरक्षा कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे 61.08 लाख से अधिक लाभार्थियों को आवश्यक वस्तुएं मिल रही हैं।